Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने से एक्टर राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, अक्षय कुमार ने जताई चिंता

July 10, 2026

शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने से एक्टर राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, अक्षय कुमार ने जताई चिंता

Rajesh Sharma: फिल्म अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत शूटिंग के दौरान एक कीड़े के काटने के बाद अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। अभिनेता अक्षय कुमार ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

अक्षय कुमार ने एक्स पर राजेश शर्मा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने के बाद राजेश की खराब सेहत की खबर सुनकर उन्हें बहुत चिंता हुई। उन्होंने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि राजेश जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो जाएं। जल्दी ठीक हो जा यार, अभी साथ बैठ के बहुत हंसना है।

 

बता दें राजेश शर्मा और अक्षय कुमार कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों कलाकार स्पेशल 26, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, लक्ष्मी और भूत बांग्ला जैसी फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं। इसी वजह से दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी मानी जाती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि शूटिंग पूरी होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पास की झाड़ियों के करीब उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य घटना समझा और तुरंत इलाज नहीं कराया। करीब छह घंटे बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उनके पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और असहज महसूस होने लगा। इसके बावजूद वह फ्लाइट से कोलकाता के लिए रवाना हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और उनकी परेशानी बढ़ती चली गई। अगले दिन उनकी हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि फिलहाल राजेश शर्मा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और पैर में तेजी से फैल रहे संक्रमण की समस्या है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक पहुंच चुका है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक इलाज दे रही है।

इस घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि इतनी गंभीर मेडिकल इमरजेंसी किन परिस्थितियों में हुई। संगठन ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में फिल्म सेट पर कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके।

वहीं, जिस फिल्म की शूटिंग के दौरान यह घटना हुई, उसके निर्माताओं की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। राजेश शर्मा के प्रशंसक और फिल्म जगत के कई कलाकार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें