एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। 12 अप्रैल को उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। उनके अंतिम संस्कार का कार्यक्रम 13 अप्रैल को राजकीय सम्मान के साथ रखा गया है। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया और अंतिम दर्शन के लिए उनके मुंबई स्थित घर में रखा गया, जहां परिवार, दोस्त और कई बड़ी हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा कि आशा भोसले का जाना एक पूरे युग के खत्म होने जैसा है। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज और संगीत हमेशा जिंदा रहेंगे, और भले ही उनका शरीर अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनकी आत्मा हमेशा साथ रहेगी। अमिताभ बच्चन ने यह भी कहा कि आशा भोसले हर गाने में जान डाल देती थीं और उन्होंने संगीत की दुनिया को अनमोल धरोहर दी है।
बताया गया कि आशा भोसले को सीने में संक्रमण और कमजोरी की वजह से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

उनके निधन की खबर मिलते ही फिल्म और संगीत जगत के कई बड़े सितारे शोक में डूब गए। ए. आर. रहमान, विद्या बालन, उर्मिला मातोंडकर, रितेश देशमुख, सचिन तेंदुलकर और जैकी श्रॉफ जैसे कई सेलेब्रिटी उनके घर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

आशा भोसले के जाने से भारतीय संगीत की दुनिया को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। उनकी आवाज और उनके गाए गीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...