Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभिषेक-ऐश्वर्या के तलाक की अफवाहों के बीच अमिताभ ने तोड़ी चुप्पी, बोले – ‘अटकलें तो अटकलें ही हैं’

November 22, 2024

अभिषेक-ऐश्वर्या के तलाक की अफवाहों के बीच अमिताभ ने तोड़ी चुप्पी, बोले – ‘अटकलें तो अटकलें ही हैं’

मुंबई: अभिनेता अभिषेक और ऐश्वर्या राय बच्चन को लेकर चल रही तलाक की अटकलों पर आखिरकार ‘सदी के महानायक’ अमिताभ बच्चन ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। अपने ब्लॉग पोस्ट में बिग बी ने एक नोट शेयर किया है। दिग्गज अभिनेता ने ब्लॉग में लिखा, मैं परिवार के बारे में बहुत कम ही बात करता हूं, क्योंकि यह मेरा क्षेत्र है और इसकी प्राइवेसी मैं बनाए रखना चाहता हूं। अटकलें तो अटकलें ही हैं और यह बिना सत्य के झूठी बातें हैं।

अभिनेता ने व्यंग्य में कहा, ऐसा फैलाने वालों के पेशे को मैं चुनौती नहीं दूंगा और समाज की सेवा करने के उनके प्रयास की सराहना करूंगा।

उन्होंने ब्लॉग में लिखा, ऐसी गलत जानकारी उनके लिए कानूनी असुरक्षा हो सकती है, जो ऐसी झूठी सूचना देते हैं। वास्तव में जो विश्वास संदिग्ध हो उसका बीज हमेशा प्रश्नचिह्न के साथ बोया जाता है। आप जो चाहें व्यक्त करें लेकिन जब आप अपनी बात के साथ प्रश्नचिह्न लगाते हैं तो आपका कहा संदिग्ध भी हो सकता है। हालांकि, आप छिपे रूप से यही चाहते हैं कि आपकी इस गलत और संदिग्ध जानकारी को और बढ़ावा मिले और पाठक उस पर विश्वास करें।

बच्चन ने आगे लिखा, आपको समझना चाहिए कि आपका दिया गया यह झूठा कंटेंट केवल उस एक पल के लिए नहीं, बल्कि कई पलों के लिए तैयार हो रहा है। जब लोग ऐसी बातों पर रिएक्ट करते हैं तो अपने-आप ऐसी बातें बढ़ती जाती हैं और लोग इस पर भरोसा करने लगते हैं।

बिग बी ने ब्लॉग में आगे लिखा, एक समय के बाद लेखक का यही पेशा बन जाता है। आप अपने झूठे लेख को, खबर को प्रश्नवाचक चिह्न के साथ लिख देते हैं और यहां आपका काम खत्म। मगर सोचिए दूसरों की जिंदगी पर इसका क्या असर होता होगा।“

अमिताभ का यह पोस्ट अभिषेक और ऐश्वर्या के वैवाहिक जीवन में परेशानी की खबरों के बीच आया है।

हाल ही में ऐश्वर्या ने अपनी एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें वह अपनी इंगेजमेंट रिंग को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। फोटो में अभिनेत्री के साथ उनकी बेटी आराध्या भी नजर आ रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें