Site icon Dainik Savera Times

अनुपम ने दोस्त अनिल को दी जन्मदिन की बधाई, बताया – मार्गदर्शक और भाई

मुंबई। बॉलीवुड के दमदार अभिनेता अनिल कपूर आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनेता को उनके खास दोस्त अनुपम खेर ने खूबसूरत अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। खेर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर ‘कपूर साब’ को अपना मार्गदर्शक और भाई भी बताया।

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और अक्सर पोस्ट के जरिए अपने जज्बात साझा करते रहते हैं। खेर ने खास दोस्त को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए इंस्टाग्राम पर वीडियो मोंटाज संग जज्बातों को शब्दों में उतारा।

खेर ने पोस्ट साझा कर लिखा, ‘‘ मेरे प्यारे दोस्त, दार्शनिक, मार्गदर्शक, भाई और तनाव से मुक्ति दिलाने वाले कपूर साब को जन्मदिन की हार्दकि शुभकामनाएं! भगवान आपको दुनिया की सारी खुशियां दें। आप दीर्घायु हों और आपका जीवन खुशहाल और स्वस्थ हो।

खेर ने दोस्त अनिल कपूर को अपना सपोर्ट सिस्टम बताया। लिखा, ‘‘आप लंबे समय से मेरे लिए सपोर्ट सिस्टम रहे हैं। मुझे हमारी प्रेरक बातचीत उतनी ही पसंद है जितनी कि हमारे गपशप के सीजन, जिस तरह से आप खुद को नया रूप देते रहते हैं, वह मुझे बहुत पसंद है! चलते रहो, चलते रहो और दौड़ते रहो! आपको प्यार और प्रार्थनाएं। जन्मदिन मुबारक अनिल कपूर।’’

बता दें, अनिल कपूर और अनुपम खेर खास दोस्त हैं। दोनों अक्सर एक-दूजे के साथ बिताए खास पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

हाल ही में अनिल कपूर ने एक पोस्ट साझा कर ‘विजय 69’ में शानदार अभिनय के लिए अनुपम खेर की जमकर तारीफ की थी। कपूर ने इंस्टाग्राम पर अनुपम खेर के साथ तस्वीरें साझा कर लिखा था, ‘वह (अनुपम) कुछ भी कर सकते हैं। एक हिंदी मीडियम का लड़का हॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा, यह उसकी पहचान बनाने की भूख का प्रमाण है। अनुपम ने अपने काम से अपने परिवार को गौरवान्वित किया है और मैं उनके साथ काम करने और उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानने के लिए खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं।‘

ये भी पढ़ें: अमेरिका का भारतीयों को बड़ा झटका, H-1B Visa पर लगेगी 3 साल की रोक!

Exit mobile version