Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

एआर रहमान के तलाक के ऐलान के बाद उनकी बेटी ने किया दिल छू देने वाला पोस्ट

November 21, 2024

एआर रहमान के तलाक के ऐलान के बाद उनकी बेटी ने किया दिल छू देने वाला पोस्ट

मुंबई। ऑस्कर और ग्रैमी विजेता म्यूजिशियन ए.आर. रहमान और उनकी पत्नी सायरा बानो के तलाक की घोषणा के बाद अब उनकी बेटी रहीमा ने ‘कठिनाइयों‘ के संबंध में एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस पोस्ट को उन्होंने इसे ‘जीने की एक कविता‘ बताया। रहीमा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर अपनी खिड़की से एक सुरम्य जगह की झलक भी शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा: ‘‘हर कठिनाई के बाद आसानी होती है। आपका भगवान आपको वो सब कुछ देगा, जिससे आपको संतुष्टि मिलेगी। यही है जीने का सार।’’ रहमान और सायरा के तीन बच्चे खतीजा, रहीमा और अमीन हैं।

19 नवंबर को शादी के 29 साल बाद इस जोड़े ने एक-दूसरे से अलग होने का ऐलान कर अपने प्रशंसकों को मायूस कर दिया था। सायरा ने तलाक के पीछे भावनात्मक तनाव को कारण बताया था। उनके वकील वंदना शाह ने इस जोड़े के अलग होने के फैसले पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है, ‘‘कई वर्षों की शादी के बाद सायरा ने अपने पति ए.आर. रहमान से अलग होने का फैसला किया। यह फैसला भावनात्मक तनाव की वजह से लिया गया। एक-दूसरे के प्रति बेइंतहा मोहब्बत होने के बावजूद इस जोड़े ने भावनात्मक तनाव की वजह से तलाक लेने का फैसला किया है। इस भावनात्मक तनाव की वजह से ही दोनों के बीच एक ऐसी खाई पैदा हुई, जिसे मौजूदा समय में किसी भी कीमत पर नहीं पाटा जा सकता है। इसी को देखते हुए दोनों ने एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया है।’’

वहीं, बयान में आगे कहा गया है, ‘‘वह मौजूदा समय में अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। ऐसी स्थिति में वो अपने प्रशंसकों से अपील करते हैं कि वो थोड़ा गंभीर रवैया अख्तियार करें।’’ ए आर रहमान ने भी इस संबंध सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बहुत हार्टब्रेकिंग डिसीजन था। उन्होंने बताया कि हमें उम्मीद थी कि हमारी मैरिज लाइफ तीन दशक का सफर तय करने में सफल रहेगी। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका।

ए आर रहमान ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर भी पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद थी कि हम तीन दशक का सफर तय करेंगे। लेकिन, इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि हर चीज का अंत होता है। कई बार तो ईश्वर का सिंहासन भी टूटे दिलों से कांप जाते हैं। बेशक, टुकड़ों को अपनी जगह न मिल सके। लेकिन, हम इस अलगाव में भी अपने लिए एक अर्थ तलाशते हैं।‘

वहीं, उन्होंने अंत में अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि आप सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया। हम मौजूदा समय में सबसे कठिन और नाजुक दौर से गुजर रहे हैं। लेकिन, ऐसी स्थिति में भी आपने हमारी निजता पर आंच नहीं आने दी। इसके लिए हम आपका दिल से शुकिया अदा करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें