Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

अरिजीत सिंह को बाबुल सुप्रियो ने कहा ‘बेहतरीन इंसान’, रिटायरमेंट पर शान की सलाह

February 10, 2026

अरिजीत सिंह को बाबुल सुप्रियो ने कहा ‘बेहतरीन इंसान’, रिटायरमेंट पर शान की सलाह

प्लेबैक सिंगिंग से दूर जाने के अपने फैसले को लेकर चर्चा में छाए अरिजीत सिंह पर आम जनता के साथ ही फिल्म जगत के तमाम सितारे भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच गायक बाबुल सुप्रियो ने अरिजीत को ‘इंटेलिजेंट आदमी’ बताते हुए कहा कि उनके फैसले के पीछे गहरा सोच-विचार है और फैंस को उन पर भरोसा रखना चाहिए। वहीं, गायक शान ने कहा कि फैंस को सब्र रखना चाहिए।

आईएएनएस से खास बातचीत में बाबुल सुप्रियो ने कहा, “मेरा मानना है कि अरिजीत एक इंटेलिजेंट आदमी हैं। वह बहुत टैलेंटेड और हमारे अब तक के सबसे बेहतरीन सिंगर्स में से एक हैं। जो व्यक्ति अपनी कला को इतने खूबसूरत तरीके से पेश कर सकता है, वह अपनी भावनाओं को एक्शन में बदलने में भी सक्षम है। इसलिए निश्चित रूप से उन्होंने अपने फैसले के पीछे बहुत विचार किया होगा।”

सुप्रियो ने प्रशंसकों से अपील की कि इस मुद्दे पर शोर मचाने के बजाय चुपचाप इंतजार करें। उन्होंने कहा, “हमारे लिए जरूरी है कि हम इस बारे में ज्यादा हल्ला न करें। बस इंतजार करें और देखें कि भविष्य में अरिजीत हमारे लिए क्या नई चीजें लेकर आते हैं। हम सब उनसे बहुत प्यार करते हैं, बस यही काफी है।”

इसी तरह सिंगर शान ने भी फैंस से सब्र रखने की सलाह दी। आईएएनएस से बात करते हुए शान ने कहा कि इंटरनेट पर लोग हर बात को लाइनों के बीच पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं और अपनी-अपनी थ्योरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज पूरे इंटरनेट पर लोग अरिजीत के फैसले की वजह समझने की कोशिश कर रहे हैं। हर कोई अपनी सोच और थ्योरी लेकर आ रहा है। बस थोड़ा सब्र रखें। हो सकता है कि अरिजीत खुद सही समय पर बताएं कि उन्होंने यह फैसला क्यों लिया। तब तक दूसरे मुद्दों पर चर्चा करें।”

अरिजीत सिंह ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की है, जिसके बाद कई प्रतिक्रिया सामने आई। उनके इस फैसले पर श्रेया घोषाल और मियांग चेंग ने भी राय रखी। उन्होंने अरिजीत के करियर की शुरुआत से ही लाइमलाइट और शॉर्टकट से दूरी बनाने की बात कही। दोनों ने अपने पोस्ट में बताया कि यह किसी युग का अंत नहीं है बल्कि, एक नई सुबह का आगाज है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें