Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार… तान्या मित्तल ने लूटी शो की लाइमलाइट; लोटपोट हुए सलमान खान

September 28, 2025

बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार… तान्या मित्तल ने लूटी शो की लाइमलाइट; लोटपोट हुए सलमान खान

Bigg Boss 19 : बिग बॉस 19 का इस हफ्ते का वीकेंड का वार एपिसोड जबरदस्त मस्ती और मनोरंजन से भरा रहा। शनिवार को जहां सलमान खान ने अमाल मलिक और बसीर को गालियां देने और बदतमीजी करने पर कड़ी फटकार लगाई, वहीं अब रविवार के एपिसोड में दर्शकों को एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है। इस बार शो में कई सितारे गेस्ट बनकर पहुंचे और दर्शकों को खूब हंसाया।

तान्या मित्तल ने लूटी शो की लाइमलाइट

बता दें कि आने वाले रविवार के एपिसोड का प्रोमो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। शो में फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी की स्टार कास्ट वरुण धवन और जाह्नवी कपूर अपनी फिल्म को प्रमोट करने पहुंचे। दोनों ने सलमान खान और घर के बाकी कंटेस्टेंट्स के साथ ढेर सारी मस्ती की। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बिग बॉस 19 की चर्चित कंटेस्टेंट तान्या मित्तल ने बटोरीं।

मनीष पॉल का मजेदार सवाल

एपिसोड में एंकर और एक्टर मनीष पॉल ने तान्या से मजाकिया अंदाज में पूछा, “जब आपको कोई फिल्म देखनी होती है तो क्या आप पूरा थिएटर बुक कराती हैं या अकेली चली जाती हैं?” इस पर वहां मौजूद एक्टर रोहित सराफ ने तुरंत मजाक उड़ाते हुए कहा, “तान्या तो पूरा थिएटर खरीद ही लेती हैं।” इस पर तान्या ने भी हंसते हुए जवाब दिया कि बिग बॉस खत्म होने के बाद उनका यही प्लान है। तान्या का यह जवाब सुनकर सभी घरवाले हंसी से लोटपोट हो गए।

सलमान खान ने भी लिया मजा

मौके का फायदा उठाते हुए सलमान खान ने भी मस्ती में तान्या से पूछा, “क्या उसमें सिर्फ मेरी पिक्चर्स लगेंगी?” सलमान के इस सवाल पर वहां मौजूद सभी सितारे जोर-जोर से हंस पड़े और दर्शकों के बीच भी यह पल छा गया।

हर्ष गुजराल और अभिषेक मल्हान का तंज

रविवार के एपिसोड में बिग बॉस ओटीटी-2 के कंटेस्टेंट अभिषेक मल्हान और मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल भी खास मेहमान बनकर आए। दोनों ने मिलकर तान्या की अमीरी का मजाक उड़ाया। हर्ष ने हंसते हुए कहा, “मैं कितना भी फेंक लूं, लेकिन तान्या से ज्यादा नहीं फेंक सकता।”

फैंस का बढ़ा इंतजार

प्रोमो वीडियो में तान्या की चर्चा सबसे ज्यादा होती दिख रही है। दर्शक सोशल मीडिया पर इस मजेदार एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कुल मिलाकर, इस रविवार का वीकेंड का वार एपिसोड तान्या मित्तल की वजह से पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है, जहां सलमान खान से लेकर सभी गेस्ट्स ने उनके साथ जमकर मस्ती की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें