Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिलीज़ हुआ दिलजीत दोसांझ और ए. आर. रहमान का गाना ‘Main Vaapas Aaunga’

April 18, 2026

रिलीज़ हुआ दिलजीत दोसांझ और ए. आर. रहमान का गाना ‘Main Vaapas Aaunga’

एंटरटेनमेंट डेस्क: साल का सबसे बहुप्रतीक्षित म्यूज़िकल कोलैबोरेशन आखिरकार आज रिलीज़ हो गया है। दिलजीत दोसांझ और ए. आर. रहमान की आवाज़ और संगीत से सजा नया गाना ‘क्या कमाल है’ दर्शकों के बीच आ चुका है। यह खूबसूरत ट्रैक इम्तियाज़ अली की आगामी फिल्म ‘Main Vaapas Aaunga’ का पहला गीत है, जो उम्मीद और प्रेम का संदेश लेकर आता है।

दो साल पहले फिल्म अमर सिंह चमकीला के जरिए जादू बिखेरने के बाद यह टीम एक बार फिर साथ आई है। इस बार उनके साथ गीतकार इरशाद कामिल भी हैं, जिनकी संवेदनशील लेखनी ने इस गाने को और गहराई दी है। ‘क्या कमाल है’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक एहसास है, जो मुश्किल वक्त में भी उम्मीद की किरण दिखाता है।

इम्तियाज़ अली की फिल्मों में संगीत हमेशा कहानी का अहम हिस्सा रहा है और इस बार भी उन्होंने उसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। ‘क्या कमाल है’ एक ‘सॉन्ग ऑफ होप’ के रूप में सामने आता है, जो विभाजन काल (Partition Era) के दौर में भी जीवित रही मोहब्बत की कहानियों से प्रेरित है। आज के शोर-शराबे और अस्थिरता भरे माहौल में यह गीत हमें याद दिलाता है कि दुनिया में अभी भी प्यार, सुकून और अपनापन बाकी है।

इम्तियाज़ अली का कहना है आज के समय में जब दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है, यह गीत लोगों को सकारात्मकता और उम्मीद देने की कोशिश करता है। वहीं दिलजीत दोसांझ ने इस गाने को अपने दिल के बेहद करीब बताया। उनके मुताबिक, यह गीत आपको ठहरकर महसूस करने का मौका देता है बिना किसी बनावट के, पूरी ईमानदारी के साथ।

दिलजीत दोसांझ ने कहा कि ‘Kya Kamaal Hai’ मेरे दिल के बहुत करीब है। इस गाने में एक सच्चाई है… यह आपको ठहरने और बिना ज़्यादा कोशिश किए बस महसूस करने पर मजबूर करता है। इम्तियाज़ अली सर के साथ काम करना हमेशा खास होता है, क्योंकि उनकी दुनिया बहुत असली लगती है, कुछ भी बनावटी या सतही नहीं होता। ए. आर. रहमान सर के साथ तो यह काम जैसा लगता ही नहीं… उनके जैसे Legend के साथ काम करना अपने आप में एक सम्मान है। और इरशाद कामिल भाई के शब्द… सीधे दिल से निकलते हैं और वहीं जाकर बस जाते हैं। आज हमारे आसपास बहुत शोर और अफरा-तफरी है, लेकिन इस गाने में एक सुकून है। यह आपको धीमा होने, सांस लेने और बस इस पल में जीने की याद दिलाता है।

A.R Rahman ने भी इस सहयोग को एक निरंतर रचनात्मक संवाद बताया। उन्होंने कहा, इस फिल्म की थीम जुदाई और विस्थापन को ध्यान में रखते हुए ऐसा संगीत रचा गया है जो शांति और सुकून का अहसास कराए। उनके अनुसार, ‘क्या कमाल है’ उस खूबसूरती को दर्शाता है जिसे हम अक्सर दुनिया के शोर में नजरअंदाज कर देते हैं।

गीतकार इरशाद कामिल ने इस गाने को एक सपना बताया है ऐसा सपना जिसमें न दर्द है, न डर। उनके शब्दों में यह एक ऐसी दुनिया की कल्पना करता है जहां सिर्फ प्यार, शांति और उम्मीद हो।

अब बात करते हैं म्यूज़िक लेबल की। कुमार तौरानी ने कहा, “हम Tips Music में मानते हैं कि संगीत भारतीय सिनेमा की धड़कन है। दिलजीत दोसांझ और ए. आर. रहमान का यह पहला ओरिजिनल कोलैबोरेशन, वह भी इम्तियाज़ अली की कहानी के साथ, ‘क्या कमाल है’ को बेहद खास बनाता है। यह गाना श्रोताओं के दिलों से गहराई से जुड़ता है और खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक उनके साथ रहता है। यह हमारे उस प्रयास को दर्शाता है, जिसमें हम meaningful और soulful संगीत दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।

फिल्म ‘Main Vaapas Aaunga’ में दिलजीत दोसांझ के साथ नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म Applause Entertainment और Window Seat Films द्वारा निर्मित है, जबकि म्यूज़िक Tips Industries के तहत रिलीज़ किया गया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। ‘क्या कमाल है’ के साथ इस फिल्म ने पहले ही दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी है, और अब सभी को इसके बड़े पर्दे पर आने का बेसब्री से इंतजार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें