Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिलजीत दोसांझ ने पंजाब में बिताए मजे भरे दिन, कभी खेला क्रिकेट, कभी पकाया चिकन

December 6, 2024

दिलजीत दोसांझ ने पंजाब में बिताए मजे भरे दिन, कभी खेला क्रिकेट, कभी पकाया चिकन

मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री के हिट गायक दिलजीत दोसांझ ने प्रशंसकों के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पंजाब में आनंद से भरा समय बिताते नजर आए। अपनी टीम के साथ पंजाब में दिलजीत कभी खाना बनाते तो कभी कसरत समेत अन्य काम करते नजर आए। मजेदार वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर कर ‘नैन मटक्का’ गायक ने कैप्शन में लिखा, ‘‘पंजाब में एक दिन।’’ वीडियो में दिलजीत पंजाबी में बोलते सुनाई दिए।

वीडियो की शुरुआत में दिलजीत कहते हैं, ‘‘ये पंजाब है, यहां बंदे सुबह-सुबह कसरत करते हैं और फिर पराठे खाने बैठ जाते हैं। यहां झूला भी झूल रहे हैं।‘ अपनी टीम की ओर इशारा करते हुए दोसांझ ने आगे कहा, ‘लोग यहां मक्खन लगाकर एक-दो नहीं सात-सात पराठे खा रहे हैं। ‘वीडियो में दिलजीत दिन की शुरुआत योगा से करने के बाद नाश्ते में पराठा और फल खाते नजर आए। इसके बाद वह मैदान में क्रिकेट खेलते भी नजर आए।

दिलजीत दोसांझ ने पंजाब में बिताए मजे भरे दिन, कभी खेला क्रिकेट, कभी पकाया  चिकन

इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में क्रिकेटर विराट कोहली के मैदान में उतरने का भी जिक्र किया। पंजाब में दोसांझ चूल्हे पर मिट्टी के बर्तन में चिकन बनाते भी नजर आए। वीडियो में दिलजीत की मजेदार कॉमेंट्री को उनके प्रशंसकों ने काफी पसंद किया। पंजाब से पहले दिलजीत ने कोलकाता में बिताए अपने खूबसूरत दिनों की तस्वीरें शेयर की थी, जिसमें वह कोलकाता की सड़कों पर घूमते, फूल खरीदते और कोलकाता की मशहूर एंबेसडर टैक्सियों में बैठे नजर आए थे।

दिलजीत दोसांझ के वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट में व्यस्त चल रहे हैं। उनका कॉन्सर्ट देश के कई शहरों में चल रहा है। 8 दिसंबर को मध्य प्रदेश में उनका लाइव कॉन्सर्ट होना है, जिसके लिए उनके प्रशंसकों का उत्साह ऊंचा है और टिकट एडवांस में बुक हो चुके हैं। इंदौर के बाद दोसांझ बेंगलुरु और चंडीगढ़ और गुवाहाटी में प्रस्तुति देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें