Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोआना लाइव-एक्शन पर ‘Dwayne Johnson’ का बड़ा खुलासा, बोले- यह मेरे करियर का सबसे खास प्रोजेक्ट

June 25, 2026

मोआना लाइव-एक्शन पर ‘Dwayne Johnson’ का बड़ा खुलासा, बोले- यह मेरे करियर का सबसे खास प्रोजेक्ट

Entertainment News: डिज़्नी की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म मोआना 10 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है। अंग्रेज़ी और हिंदी भाषा में रिलीज़ होने वाली इस भव्य फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में हॉलीवुड सुपरस्टार ड्वेन जॉनसन एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार माउई के रूप में वापसी कर रहे हैं, जबकि कैथरीन लागाइया पहली बार मोआना की भूमिका में नज़र आएंगी।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान दिए गए एक इंटरव्यू में ड्वेन जॉनसन ने माउई के किरदार को एक दशक बाद दोबारा निभाने के अनुभव पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, लाइव-एक्शन फिल्म में माउई को निभाना उनके पूरे करियर के सबसे अनोखे अनुभवों में से एक रहा है।

ड्वेन जॉनसन ने कहा, “माउई को लाइव-एक्शन में निभाने का अनुभव मेरे करियर में किए गए किसी भी काम से बिल्कुल अलग है। एनिमेटेड फिल्म में मैंने इस किरदार को अपनी आवाज़ दी थी, लेकिन इस बार उसे एक वास्तविक इंसान के रूप में स्क्रीन पर जीवंत करना बेहद खास रहा। जब आप अपनी संस्कृति, अपने लोगों और अपनी परंपराओं को बड़े पर्दे पर देखते हैं, तो वह एहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

उन्होंने आगे कहा, पॉलिनेशियन संस्कृति के मूल्यों को फिल्म में दिखाया गया है, लेकिन ये मूल्य केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं। “समुदाय, परिवार और जीवन में कुछ बड़ा हासिल करने का सपना ये ऐसी भावनाएँ हैं जिनसे दुनिया का हर इंसान जुड़ सकता है,!

ड्वेन जॉनसन के लिए माउई का किरदार सिर्फ एक फिल्मी भूमिका नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव भी है। जब 2016 में पहली मोआना रिलीज़ हुई थी, तब वे एक पिता थे और आज दस साल बाद भी अपनी बेटियों की परवरिश कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस दौरान जीवन के अनुभवों ने उन्हें माउई को और बेहतर समझने में मदद की है।

एक अन्य इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “दस साल पहले मैंने माउई का एक अलग रूप निभाया था। आज मैंने एक पिता के रूप में ज़िंदगी जी है, उतार-चढ़ाव देखे हैं और जीवन के कई महत्वपूर्ण अनुभवों से गुज़रा हूँ। इन सभी अनुभवों को इस किरदार में शामिल करना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा। मुझे नहीं पता कि भविष्य में ऐसा अवसर दोबारा मिलेगा या नहीं, इसलिए यह प्रोजेक्ट मेरे लिए बहुत खास है।”

जॉनसन ने यह भी खुलासा किया कि माउई का किरदार उन्हें अपने परिवार और बचपन की याद दिलाता है। उनके अनुसार, इस चरित्र में उनके दादा की झलक दिखाई देती है और यह उनके हवाई में बिताए गए बचपन से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि बचपन में वह अक्सर स्कूल छोड़कर फिल्में देखने चले जाते थे और शायद वहीं से सिनेमा के प्रति उनका प्यार शुरू हुआ।

गौरतलब है कि मोआना के इस लाइव-एक्शन संस्करण का निर्देशन एमी और टोनी अवॉर्ड विजेता थॉमस कैल ने किया है। फिल्म का निर्माण ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हिराम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा ने किया है। फिल्म में लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेटाइया फोआई और मार्क मैनसीना द्वारा रचित लोकप्रिय गीतों के साथ-साथ एक भव्य ओरिजिनल स्कोर भी शामिल है।

शानदार विज़ुअल्स, दिल छू लेने वाले संगीत और रोमांच से भरपूर कहानी के साथ मोआना एक बार फिर दर्शकों को समुद्री सफर पर ले जाने के लिए तैयार है। भारतीय दर्शक इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का आनंद 10 जुलाई 2026 से अंग्रेज़ी और हिंदी में सिनेमाघरों में उठा सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें