Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Emiway Bantai ने Sidhu Moosewala को दी संगीतमय श्रद्धांजलि, ‘Baazis EP’ से किया भावनात्मक समर्पण

May 27, 2025

Emiway Bantai ने Sidhu Moosewala को दी संगीतमय श्रद्धांजलि, ‘Baazis EP’ से किया भावनात्मक समर्पण

मुंबई: भारतीय हिप-हॉप के दिग्गज एमिवे बंटाई ने अपनी नवीनतम ईपी ‘बाजीस’ से एक विशेष और भावपूर्ण ट्रैक रिलीज़ कर सिद्धू मूसेवाला को एक सच्ची संगीतमय श्रद्धांजलि दी है। इस ट्रैक का शीर्षक “ट्रिब्यूट टू सिद्धू मूसेवाला” है, जो न केवल एक प्रसिद्ध पंजाबी रैपर की विरासत का सम्मान करता है, बल्कि दो अलग-अलग संगीत शैलियों के बीच एक खूबसूरत सेतु भी बनाता है।

एमिवे द्वारा प्रस्तुत यह ट्रैक मूसेवाला के चर्चित गीत “डोगर” का एक पुनर्निर्मित रूप है, जिसमें मूल गाने की आत्मा को बरकरार रखते हुए एमीवे की अनूठी रैप शैली का समावेश किया गया है। इस नए अवतार में जहां मूसेवाला की भावना गूंजती है, वहीं एमीवे की भावनात्मक प्रस्तुति ट्रैक को एक नई गहराई देती है।

एमिवे ने इस ट्रैक के पीछे की भावना साझा करते हुए कहा, “सिद्धू सिर्फ एक कलाकार नहीं थे, वो एक आंदोलन थे। उनकी सोच, उनकी आवाज़ और उनकी ईमानदारी हम सबके लिए प्रेरणा हैं। हमने एक साथ कुछ करने का सपना देखा था, और यह ट्रैक उस अधूरे ख्वाब को पूरा करने का मेरा तरीका है।”

Believe Artist Services के साथ एमिवे की साझेदारी एक बार फिर उनके स्वतंत्र कलाकार के रूप में मजबूत हो रहे सफर को दर्शाती है। ईपी के पहले रिलीज़ “बादशाह” और “जोश मेई” को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, और अब यह श्रद्धांजलि ट्रैक उस सफलता में एक गहराई और संवेदनशीलता जोड़ता है।

बिलीव इंडिया की निदेशक शिल्पा शारदा ने कहा, “एमिवे की रचनात्मकता हमेशा सीमाओं को पार करती रही है। उनके साथ काम करना न सिर्फ रचनात्मक रूप से समृद्ध होता है, बल्कि यह हमें स्वतंत्रता और प्रामाणिकता के मूल्य को और भी बेहतर समझने में मदद करता है। सिद्धू मूसेवाला को दी गई यह श्रद्धांजलि दिल से जुड़ा एक प्रोजेक्ट है, और हमें इस पर गर्व है।” एमिवे बंटाई इस रिलीज़ के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश देते हैं कि संगीत न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह भावनाओं को साझा करने, सम्मान देने और सांस्कृतिक संवाद को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है।

जहां एक ओर यह ट्रैक सिद्धू मूसेवाला की विरासत को सम्मानित करता है, वहीं दूसरी ओर यह भारतीय हिप-हॉप के बदलते चेहरे को भी दर्शाता है  एक ऐसा चेहरा जो स्वतंत्रता, आत्म-अभिव्यक्ति और सामूहिक संस्कृति से जुड़ा हुआ है। ‘ट्रिब्यूट टू सिद्धू मूसेवाला’ अब स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, और यह निस्संदेह दोनों कलाकारों के प्रशंसकों के लिए एक गहरा और यादगार अनुभव बनकर सामने आया है।

ये भी पढ़ें : राजस्थान में शाही अंदाज में हुई शादी… IPS केके बिश्नोई ने घुटनों पर बैठकर अंशिका से पहनी वरमाला, देखें वीडियो 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें