Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस फेमस यूट्यूबर ने लाइव आकर की सुसाइड की कोशिश, डिवाइडर से टकराने पर उड़े गाड़ी के परखच्चे

March 8, 2026

इस फेमस यूट्यूबर ने लाइव आकर की सुसाइड की कोशिश, डिवाइडर से टकराने पर उड़े गाड़ी के परखच्चे

एंटरटेनमेंट डेस्क: फेमस यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ फेम अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर का एक चौंकाने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब वह इंस्टाग्राम पर लाइव थे। लाइव के दौरान उन्होंने अपनी कार की रफ्तार अचानक बहुत तेज कर दी, जिसके बाद उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इस पूरी घटना को उनके हजारों फॉलोअर्स ने लाइव देखा, जिससे सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। कई लोग इसे एक सामान्य सड़क हादसा मान रहे हैं और कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या उन्होंने जानबूझकर अपनी जान खतरे में डाल दी।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुआ। उस समय अनुराग अपनी फॉर्च्यूनर कार चला रहे थे और इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपने फैंस से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कार की स्पीड तेजी से बढ़ा दी। देखते ही देखते गाड़ी की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई और कुछ ही सेकंड में कार डिवाइडर से टकरा गई। इस खतरनाक पल को लाइव देख रहे फैंस घबरा गए और सोशल मीडिया पर तुरंत इस घटना की चर्चा शुरू हो गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने अनुराग को कार से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए मेरठ के सुभारती अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई हैं। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि अनुराग को सामान्य चोटें लगी हैं और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि यह सिर्फ तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह भी हो सकती है।

 

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में अनुराग अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी परेशान थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। इंस्टाग्राम लाइव के दौरान भी उन्होंने कुछ भावुक बातें कही थीं, जिससे उनके फैंस चिंतित हो गए थे। उन्होंने लाइव में कहा था कि अगर अगला जन्म मिले तो मां उन्हें प्यार जरूर दें, क्योंकि उन्हें प्यार की बहुत जरूरत थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब ऐसा कोई नहीं बचा जिसे वह फोन कर सकें। इसके बाद उन्होंने ‘लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव’ कहते हुए कार की स्पीड बढ़ा दी थी।

कुछ दिन पहले ही अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर लगभग दो घंटे का एक लंबा वीडियो भी साझा किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी जिंदगी की कई परेशानियों के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने आर्थिक दिक्कतों, शादी से जुड़े विवाद, परिवार के साथ तनाव और मानसिक दबाव जैसी कई बातों का जिक्र किया था। वीडियो में वे कई बार भावुक हो गए और रोते हुए नजर आए। इस वीडियो के जरिए उनके फैंस को उनकी निजी जिंदगी के संघर्षों के बारे में काफी कुछ पता चला।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे महज एक सड़क हादसा बता रहे हैं और कुछ लोगों का मानना है कि यह मानसिक तनाव की वजह से उठाया गया खतरनाक कदम भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें