
Sanjay Gupta passes away : बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्ममेकर और निर्देशक संजय गुप्ता का निधन हो गया है। उन्होंने 30 अक्टूबर 2026 को आखिरी सांस ली। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। संजय गुप्ता के निधन की पुष्टि उनके एक करीबी दोस्त ने की है। हालांकि, शुरुआत में उनकी मौत की वजह को लेकर स्थिति साफ नहीं थी, लेकिन अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, घर में बाथरूम में गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इसी चोट के चलते उनकी जान चली गई।
Filmmaker Sanjay Gupta, best known for films ‘Kaante ‘ and ‘Shootout at Lokhandwala’, passes away, confirms Filmmaker Ashoke Pandit
(file pic) https://t.co/mnMPprjsLx
— ANI (@ANI) October 31, 2026
बाथरूम में गिरने से हुआ हादसा, सिर में लगी चोट
जानकारी के अनुसार, संजय गुप्ता बीती रात अपने घर के बाथरूम में अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गए थे। गिरने के दौरान उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में उनकी पत्नी, दो बच्चे और घरेलू सहायिका मौजूद थे। हालांकि, रात के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, इसलिए किसी को भी इस हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। 31 अक्टूबर की सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्हें घटना के बारे में पता चला। तब तक संजय गुप्ता की मौत हो चुकी थी।
वर्सोवा पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मौत का मामला
इस मामले की जानकारी मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आई है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल परिवार की ओर से किसी तरह का शक या शिकायत जाहिर नहीं की गई है। संजय गुप्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वर्सोवा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। वहीं, परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
तुषार कपूर और कमाल आर. खान ने जताया दुख
संजय गुप्ता के निधन की खबर सामने आने के बाद बॉलीवुड की कई हस्तियों और उनके प्रशंसकों ने दुख जताया है। अभिनेता तुषार कपूर और कमाल आर. खान ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। तुषार कपूर ने अपने X अकाउंट पर संजय गुप्ता को याद करते हुए लिखा कि सुबह उठते ही उन्हें अपने प्रिय निर्देशक के अचानक और दुखद निधन की खबर मिली। उन्होंने कहा कि जिंदगी कितनी अनिश्चित है, लेकिन संजय गुप्ता ऐसे इंसान थे जिन्होंने हमेशा जिंदगी को पूरी तरह जीने की मिसाल पेश की। तुषार कपूर ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पहले भी भयानक सड़क हादसे का शिकार हुए थे संजय गुप्ता
संजय गुप्ता की जिंदगी में इससे पहले भी एक बड़ा हादसा हो चुका था। कई साल पहले वह पुणे से मुंबई लौट रहे थे। उस समय वह खुद अपनी कार चला रहे थे। रास्ते में उनकी कार का भयानक एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में उनकी जान बाल-बाल बची थी। इस घटना को उनकी जिंदगी का दूसरा मौका माना गया था। हादसे के बाद उन्होंने जिंदगी को नए नजरिए से देखना शुरू किया था। उनकी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाए रखी।
निजी जिंदगी में भी आए कई उतार-चढ़ाव
संजय गुप्ता की निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही। उनके फिल्मी करियर के दौरान कई बार प्रोड्यूसर्स के साथ विवाद भी हुए। हालांकि, इन सबके बावजूद वह बॉलीवुड में एक लोकप्रिय निर्देशक के रूप में पहचाने जाते रहे। उनकी शादीशुदा जिंदगी में भी मुश्किलें आईं। उन्होंने अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था, लेकिन कुछ साल बाद दोनों ने फिर से शादी कर ली और अपने रिश्ते को एक नया मौका दिया।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक का माहौल है। उनके दोस्त, कलाकार और प्रशंसक इस खबर से सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिसने अपने काम और फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी।