Dainik Savera Times

Gaurav Verma की ‘प्रेम कीटाणु’ का ऐलान, 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

Gaurav Verma’s ‘Prem Keetanu’ announced

एंटरटेनमेंट डेस्क: निर्माता गौरव वर्मा के नए बैनर अवानिका फिल्म्स ने फर्स फिल्म्स के साथ मिलकर अपनी पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ की घोषणा की है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और ‘एस्पिरेंट्स’ फेम निर्देशक अपूर्व सिंह कार्की ने किया है।

‘प्रेम कीटाणु’ उन लड़कों की कहानी है, “जिनको कॉलेज में न मार्क्स मिले, न उम्मीद, न प्यार, कुछ मिला तो सिर्फ दोस्त और खूब सारे हार्टब्रेक्स।” फिल्म आज के युवाओं और उनकी जिंदगी, महत्वाकांक्षाओं और प्यार से जुड़े संघर्षों को मजेदार और बेहद सहज अंदाज में पेश करती है।

यह फिल्म अवानिका फिल्म्स की पहली पेशकश है। गौरव वर्मा ने इस बैनर की स्थापना ऐसी कहानियों को मंच देने के उद्देश्य से की है, जिनमें भावनात्मक सच्चाई के साथ मजबूत थिएट्रिकल अपील हो। रेड चिलीज के लिए स्वतंत्र निर्माता के तौर पर उनकी पिछली फिल्मों ‘डार्लिंग्स’, ‘भक्षक’, ‘जवान’ और ‘बदला’ को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिला और ये फिल्में व्यावसायिक रूप से भी सफल रहीं।

अवानिका फिल्म्स की पहली फिल्म के तौर पर ‘प्रेम कीटाणु’ एक ऐसे स्टूडियो की रचनात्मक दिशा तय करती है, जो नई और विविध कहानियों के साथ ऐसी थिएट्रिकल फिल्मों का निर्माण करना चाहता है, जिनमें ताजगी और मनोरंजन का बेहतरीन संतुलन हो।

‘प्रेम कीटाणु’ आज के युवाओं से जुड़ने के साथ-साथ पुरानी पीढ़ी को उनके कॉलेज के दिनों और बीते अनुभवों की याद दिलाने की कोशिश करेगी। फिल्म उनकी जिंदगी के अनुभवों को अगली पीढ़ी की उम्मीदों और सपनों से जोड़ती नजर आएगी।

‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version