बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा अपनी फिल्मों को लेकर काफी चर्चा बटोरते थे और आज वह अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्होंने साल 1987 में सुनीता आहूजा से शादी की थी, लेकिन अब वह इसी रिश्ते को लेकर सवालों के घेरे में हैं।
कभी तलाक की खबरें सामने आती हैं, तो कभी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की अफवाहें जोर पकड़ने लगती हैं। इन सबके बीच गोविंदा का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुरुषों की जिंदगी में महिलाओं की अहमियत पर बात करते नजर आ रहे हैं।
इस बातचीत में उन्होंने अपनी मां की सीख को याद करते हुए बताया कि किसी भी पुरुष की सफलता में महिलाओं का आशीर्वाद बहुत मायने रखता है।
ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/entertainment/cbi-summons-thalapathy-vijay-karur-stampede-case/
यह बातचीत उन्होंने लहरें टीवी को दिए एक इंटरव्यू में की थी। इस दौरान गोविंदा कहते हैं, ”मेरा मानना है कि हर पुरुष को अपनी जिंदगी में मौजूद महिलाओं को खुश रखने की कोशिश करनी चाहिए। महिलाओं का आशीर्वाद किसी भी आदमी की जिंदगी को बेहतर बना सकता है। जब किसी व्यक्ति को महिलाओं का समर्थन और दुआ मिलती है, तो उसकी सफलता की राह और भी आसान हो जाती है।”
गोविंदा ने कहा, ”मेरी मां हमेशा कहती थीं कि महिलाएं बहुत शक्तिशाली होती हैं और उनके बिना पुरुष कमजोर हो जाता है। भगवान शिव भी तब तक पूर्ण नहीं माने जाते जब तक उनके साथ देवी शक्ति का साथ न हो। स्त्री और पुरुष दोनों एक-दूसरे के पूरक होते हैं और दोनों का साथ जीवन को संतुलित बनाता है।”
अभिनेता ने आगे कहा, ”अगर कोई पुरुष अपनी जिंदगी में महिलाओं का सम्मान करता है और उनका आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ता है तो उसकी सफलता बढ़ जाती है। यह बात सिर्फ पत्नी तक सीमित नहीं है, बल्कि मां, बेटी, दोस्त या किसी परिचित महिला के रूप में भी महिलाओं का सम्मान और आशीर्वाद बेहद जरूरी होता है।”
इस बातचीत के दौरान गोविंदा ने खुद को मां का लाड़ला बेटा बताया। उन्होंने कहा, ”जीवन के शुरुआती दिनों में मेरा सबसे बड़ा सपना अपनी मां के लिए एक सफल बेटा बनना था। अब एक अच्छा पति और पिता बनना है।”