Site icon Dainik Savera Times

Emraan Hashmi की ‘Ground Zero’ का ग्लोबल प्रीमियर, आज से 240 देशों में स्ट्रीमिंग शुरू

नई दिल्ली: एक्शन, थ्रिल और देशभक्ति से भरपूर फिल्म ‘ग्राउंड ज़ीरो’ अब प्राइम वीडियो पर एक्सक्लूसिव रूप से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। तेजस प्रभा विजय देवस्कर द्वारा निर्देशित और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित इस फिल्म को आज से भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में देखा जा सकता है।

फिल्म में इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में हैं, जो बीएसएफ ऑफिसर नरेंद्र नाथ धर दुबे का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ सई तम्हणकर, ज़ोया हुसैन और मुकेश तिवारी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

-कश्मीर की पृष्ठभूमि में गढ़ी गई सच्ची कहानी

‘ग्राउंड ज़ीरो’ एक सच्ची घटना से प्रेरित है और इसकी कहानी कश्मीर की संवेदनशील और जटिल परिस्थितियों के बीच बुनी गई है। फिल्म में 2001 में भारतीय संसद पर हुए हमले के मास्टरमाइंड को पकड़ने की दो साल लंबी जांच और अभियान को दिखाया गया है। यह फिल्म सिर्फ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि भारतीय सुरक्षा बलों की बहादुरी और कर्तव्यपरायणता की गाथा है।

-मजबूत पटकथा और दमदार अभिनय

फिल्म की पटकथा वास्तविकता के बेहद करीब है और दर्शकों को एक रोमांचक यात्रा पर ले जाती है। इमरान हाशमी अपने करियर के एक अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आते हैं, वहीं सई तम्हणकर और ज़ोया हुसैन ने अपनी भूमिकाओं में गहराई और संवेदनशीलता भर दी है।

-एक्सक्लूसिव रिलीज, भारत के बाहर भी बढ़ा क्रेज

प्राइम वीडियो ने इसे ग्लोबली एक्सक्लूसिव रिलीज कर एक बड़ी घोषणा की है। फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं, जो इसकी कहानी और अभिनय की तारीफ कर रहे हैं।

-देशभक्ति और बलिदान की एक सशक्त प्रस्तुति

‘ग्राउंड ज़ीरो’ सिर्फ एक एक्शन-ड्रामा नहीं, बल्कि यह उन अनगिनत सैनिकों को श्रद्धांजलि है जो हर दिन देश की सुरक्षा के लिए अनदेखे संघर्ष करते हैं। फिल्म में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे ऑपरेशनों की पेचीदगियों को बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है। अब स्ट्रीम करें ‘ग्राउंड ज़ीरो’ सिर्फ प्राइम वीडियो पर।

ये भी पढ़ें- शिव ठाकरे के सिर सजा द 50 का ताज, फैजू और रजत दलाल को पछाड़ कर अपने नाम की ट्रॉफी

Exit mobile version