Catherine O’Hara death News: हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस और बेहतरीन कॉमेडी कलाकार कैथरीन ओ’हारा का निधन हो गया है। उन्होंने 71 साल की उम्र में लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैन्स बहुत दुखी हैं। दुनियाभर में लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कौन थीं कैथरीन ओ’हारा?
कैथरीन ओ’हारा एक बहुत मशहूर अभिनेत्री थीं, जिन्हें खासकर कॉमेडी रोल्स के लिए जाना जाता है। उनकी हंसी, अभिनय और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए दर्शक हमेशा उन्हें प्यार करते रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कुछ समय से बीमारी से जूझ रही थीं, लेकिन उनकी बीमारी के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई।
हॉलीवुड में शोक की लहर
कैथरीन के निधन से हॉलीवुड और दुनिया भर में उनके फैंस शोक में हैं। लोग सोशल मीडिया पर उनके साथ काम और यादों को साझा कर रहे हैं। उनके साथ ‘होम अलोन’ जैसी फ़िल्म में बेटे का किरदार निभा चुके मैकाले कल्किन ने भी इंस्टाग्राम पर उन्हें भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा “मां… मुझे लगा हमारे पास और भी समय है… मैं आपसे और भी बहुत कुछ कहना चाहता था। आई लव यू।”
50 साल से भी ज्यादा का शानदार करियर
कैथरीन ने बहुत कम उम्र में अपना करियर शुरू किया था और उनका काम लगभग 50 साल तक चला। उनका जन्म कनाडा के टोरंटो में हुआ था। उन्होंने 1970 के दशक में “सेकंड सिटी” नाम की कॉमेडी ग्रुप के साथ काम करना शुरू किया। यहीं उनकी मुलाकात यूजीन लेवी से हुई, जो बाद में उनके अच्छे दोस्त बने और टीवी सीरीज “शिट्स क्रीक” में उनके पति के किरदार में भी नजर आए।
उनके यादगार रोल
कैथरीन ने कई फिल्मों और टीवी शो में बेहतरीन किरदार निभाए। होम अलोन (1990 & 1992) – उन्होंने केट मैककैलिस्टर (मैकॉले कल्किन की माँ) का किरदार निभाया। बीटलजूस (1988) – इसमें वह डेलिया डीट्ज़ के रूप में दिखीं, और 2024 में इसके सीक्वल में भी यही रोल दोबारा निभाया। शिट्स क्रीक (2015–2020) – यहाँ उन्होंने मोइरा रोज का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इस भूमिका के लिए उन्होंने एमी और गोल्डन ग्लोब जैसे बड़े पुरस्कार भी जीते।
उनका आखिरी काम
कैथरीन ओ’हारा ने अपने करियर के अंत में भी कई काम किए। Apple TV+ की सीरीज “द स्टूडियो”, HBO की सीरीज “द लास्ट ऑफ अस” इन प्रोजेक्ट्स में भी उनके अभिनय को खूब पसंद किया गया।

