Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हॉलीवुड डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं ‘हाउसफुल 5’ अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा, बोलीं- ‘सपने सच होते हैं’

November 16, 2024

हॉलीवुड डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं ‘हाउसफुल 5’ अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा, बोलीं- ‘सपने सच होते हैं’

मुंबई: मनोरंजन जगत की खूबसूरत अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा हॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार हैं। डेब्यू को लेकर उत्साहित अभिनेत्री ने कहा कि वास्तव में यह सपने के सच होने जैसा है। हमें सपने देखना नहीं छोड़ना चाहिए।

उत्साहित हाउसफुल 5 की अभिनेत्री सौंदर्या ने डेब्यू के बारे में बात करते हुए कहा, मैं बेहद रोमांचित हूं। मैं बस इतना कह सकती हूं कि सपने देखते रहो, सपने सच होते हैं। साल 2024 बेहद खास है। इसकी शुरुआत ‘हाउसफुल 5’ से हुई, जिसका सारा श्रेय एनजीई और मेरी गॉडसिस्टर वर्दा नाडियाडवाला को जाता है। अब मैं हॉलीवुड में अपना रास्ता बनाने की कोशिश कर रही हूं, जिसका मुझे वाकई बेसब्री से इंतजार है।“ अभिनेत्री ‘जॉन विक’ सीरीज के निर्देशक चैड स्टेल्स्की के साथ नजर आएंगी।

अभिनेत्री ने आगे बताया, “मैंने इसी प्रोजेक्ट के लिए लगभग एक साल पहले कुछ सीक्वेंस शूट किए, लेकिन मैं इसके पूरा होने तक ज्यादा बात नहीं करना चाहती क्योंकि मैं थोड़ी अंधविश्वासी हूं। मैं जनवरी में लॉस एंजिल्स और फ्रांस में अपना आखिरी शेड्यूल खत्म करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। इस प्रोजेक्ट के बारे में अधिक जानकारी शेयर नहीं कर सकती, लेकिन मैं जल्द ही आपसे सब कुछ शेयर करूंगी।

‘बिग बॉस 16’ फेम सौंदर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इंस्टाग्राम हैंडल पर निर्देशक चैड स्टेल्स्की के साथ तस्वीरें भी शेयर कीं और कैप्शन में लिखा, “आखिरकार, मुझे ये पोस्ट करने को मिल गया। कहते हैं सपने देखो, सपने सच होते हैं और यह काम करता है। जॉन विक सीरीज के निर्माता और निर्देशक और मेरे सबसे प्यारे दोस्त के साथ हूं।

सौंदर्या ने आगे कहा जनवरी में कुछ रोमांचक के लिए लॉस एंजिल्स जाने का इंतजार नहीं कर सकती, भगवान… हॉलीवुड बुला रहा है।”

अमेरिकी स्टंटमैन और फिल्म निर्माता स्टेल्स्की को ‘एटॉमिक ब्लोंड’ और कई अन्य प्रोजेक्ट के लिए जाना जाता है। उन्हें ‘ट्रांसफॉर्मर्स’, ‘द मैट्रिक्स’, ‘सेरेनिटी’, ‘एक्स-मेन ऑरिजिंस: वूल्वरिन’, ‘द एक्सपेंडेबल्स’, ‘जी.आई. जो: रिटेलिएशन’, ‘इम्मोर्टल्स समेत अन्य बड़ी हॉलीवुड फिल्मों में स्टंटमैन के रूप में भी जाना जाता है।

इस बीच सौंदर्या के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह अक्षय कुमार के साथ ‘हाउसफुल 5’ में नजर आएंगी। तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित कॉमेडी फिल्म में सौंदर्या के साथ डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडीज, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, नरगिस फाखरी और सोनम बाजवा भी अहम रोल में हैं। ‘हाउसफुल 5’ जून 2025 में रिलीज होने के लिए तैयार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें