Site icon Dainik Savera Times

‘Housefull 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल… फिल्म ने 4 दिन में की 100 करोड़ की कमाई

Housefull 5 Box Office : अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और जैकलीन फर्नांडिस स्टारर बहुचर्चित कॉमेडी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये की कमाई कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को इस शानदार आंकड़े की पुष्टि की।

‘हाउसफुल 5’ का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है, और यह लोकप्रिय हाउसफुल फ्रेंचाइज़ी की पांचवीं कड़ी है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2010 में हुई थी। यह फिल्म 6 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी और इसे साजिद नाडियाडवाला के बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत निर्मित किया गया है।

प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म की कमाई के आंकड़े साझा करते हुए लिखा, “हाउसफुल 5 ने पहले दिन 24.35 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी, और पहले वीकेंड तक यह आंकड़ा 91.83 करोड़ रुपये पहुंच गया। अब तक फिल्म कुल 104.98 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।”

फिल्म में अक्षय कुमार और रितेश देशमुख के अलावा जैकलीन फर्नांडिस, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, सौंदर्या शर्मा, जैकी श्रॉफ, फरदीन खान और संजय दत्त जैसे कई बड़े सितारे भी नजर आए हैं, जिन्होंने दर्शकों को खूब हंसाया।

‘हाउसफुल 5’ की इस बंपर कमाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कॉमेडी और मल्टीस्टार फिल्मों का क्रेज भारतीय दर्शकों के बीच अब भी बरकरार है। फिल्म समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बावजूद दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया है।

ये भी पढ़ें- Parliament Budget Session Live: ‘वेस्ट एशिया में हालात चिंताजनक’, लोकसभा में बोले पीएम मोदी
Exit mobile version