Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मैं भाग्यशाली हूं कि ‘पीरियड ड्रामा’ का चेहरा बन गई हूं : Aditi Rao Hydari

May 8, 2024

मैं भाग्यशाली हूं कि ‘पीरियड ड्रामा’ का चेहरा बन गई हूं : Aditi Rao Hydari

नई दिल्लीः अभिनेत्री अदिति राव हैदरी को ऐतिहासिक पृष्ठभूमियों पर आधारित फिल्मों और शो (पीरियड ड्रामा) में अभिनय के लिए पहचान पाने पर सुखद अनुभूति होती है, लेकिन अब वह किसी अच्छी ‘मिस्ट्री थ्रिलर’ फिल्म में काम करना चाहती हैं। हैदरी को हाल में संजय लीला भंसाली की विभाजन के पूर्व के कालखंड पर आई शृंखला ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में देखा गया। ‘पीरियड ड्रामा’ में उनके काम की शुरुआत 2018 में आई भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के साथ हुई थी जिसमें उन्होंने अलाउद्दीन खिलजी की पत्नी मेहरुनिस्सा का किरदार अदा किया था।

उन्होंने इस बीच ‘ताज : डिवाइडेड बाई ब्लड’ और ‘जुबिली’ जैसे ‘पीरियड ड्रामा’ शो में भी काम किया। हैदरी को पिछले जमाने की कहानियों पर बने शो से जुड़े होने और उनका चेहरा बन जाने से खुशी मिलती है, लेकिन वह खुद को एक ही ढांचे में सीमित नहीं रखना चाहतीं। उन्होंने कहा, कि ‘मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे इन बेहतरीन पीरियड ड्रामा का चेहरा बनने का मौका मिला। किसी कारण से, लोगों और निर्देशकों को लगता है कि यह मेरे लिए कारगर है और मैं इसका हिस्सा हूं। मैं भी बहुत सहज महसूस करती हूं (पीरियड ड्रामा में काम करते हुए)। शायद यह संगीत, नृत्य, इतिहास और संस्कृति के प्रति मेरा प्यार है।

पीरियड ड्रामा आपको उस जगह ले जाते हैं जो वास्तव में भारतीय है। हीरामंडी में भी यह संपूर्ण भारतीय कला सौंदर्य, नृत्य, संगीत है। मैंने वास्तव में इसका आनंद उठाया।’’ उन्होंने कहा, कि ‘मेरे अंदर का कलाकार विविधतापूर्ण और समकालीन भूमिकाएं भी अदा करना चाहता है।’’ हैदरी ने कहा कि वह मार्शल आर्ट आधारित फिल्म ‘क्राउचिंग टाइगर, हिडन ड्रैगन’ और मनोवैज्ञनिक थ्रिलर फिल्म ‘गॉन गर्ल’ जैसी परियोजनाओं पर भी काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग भंसाली का नाम भव्यता और शानदार प्रस्तुति से जोड़ते हैं लेकिन उनका मानना है कि भंसाली गहराई से काम करने वाले निर्देशक भी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें