Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

BRICS+ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भारतीय फिल्मों का जलवा, ग्लोबल मंच पर मिला बड़ा सम्मान

November 18, 2026

BRICS+ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भारतीय फिल्मों का जलवा, ग्लोबल मंच पर मिला बड़ा सम्मान

मुंबई: सिनेमा की कोई सरहद नहीं होती और इसकी एक शानदार मिसाल देखने को मिली BRICS+ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में। 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सेंट पीटर्सबर्ग और मॉस्को में आयोजित इस फेस्टिवल में दुनिया भर के फिल्ममेकर्स और उनकी अनूठी कहानियों का जमावड़ा लगा। 22 देशों से आईं 327 फिल्मों की एंट्री के बीच 12 अवॉर्ड्स दिए गए। फेस्टिवल में 15 से ज्यादा देशों की 60 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। खास बात यह रही कि भारतीय फिल्मों ‘हप्पन सांगवाला’ और भारत-रूस की को-प्रोडक्शन ‘स्नो फ्लावर’ ने भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। ‘स्नो फ्लावर’ में छाया कदम और वैभव मांगले के अभिनय को स्पेशल फेस्टिवल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

रवि यादव के प्रोडक्शन में बनी ‘हप्पन सांगवाला’ लुप्त होती लोककला ‘स्वांग’ और इसके      दिग्गज कलाकार हप्पन सांगि की जिंदगी की कहानी को पर्दे पर उतारती है। रवि पिक्चर्स के संस्थापक रवि यादव ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमें गर्व है कि भारत की लोक परंपराओं से जुड़ी एक कहानी ने इंटरनेशनल जूरी का दिल जीता है। यह सम्मान उन सभी लोगों का है, जिन्होंने इस फिल्म को हकीकत बनाने में अपना योगदान दिया।”

क्रिएटिव पैराडाइज की श्वेता सिंह ने कहा, “यह फिल्म एक ऐसी कला और उन लोगों का जश्न मनाती है, जो आज भी इसे जिंदा रखे हुए हैं। यह पहचान हमें भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाली कहानियां दुनिया तक पहुंचाने के लिए और प्रेरित करती है।”

गजेंद्र अहिरे के निर्देशन और सेवन फेदर स्टूडियोज के दीपक कुमार भगत के प्रोडक्शन में बनी ‘स्नो फ्लावर’ को एक जीवंत राष्ट्रीय पहचान गढ़ने और अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ने वाले गहरे रिश्तों को बेबाकी से दिखाने के लिए सम्मानित किया गया। दीपक कुमार भगत ने इसे गर्व का पल बताते हुए जूरी और फेस्टिवल टीम का आभार जताया। उनके मुताबिक, यह फिल्म दिखाती है कि सिनेमा किस तरह सरहदों, भाषाओं और संस्कृतियों के पार लोगों को एक-दूसरे से जोड़ सकता है।

निर्देशक गजेंद्र अहिरे ने भारत और रूस की टीम के बीच बने खूबसूरत तालमेल को याद करते हुए कहा, “रूसी क्रू ने हमारे साथ सिर्फ शूटिंग के दौरान ही नहीं, बल्कि गणेश पूजा जैसे शुभ मौकों पर भी एक परिवार की तरह काम किया। उनके इस अपनापन ने पूरे सहयोग को बेहद खास बना दिया।”

फिल्म में अपनी अदाकारी से दिल जीतने वाली छाया कदम ने कहा कि कोंकण से साइबेरिया तक इस कहानी का सफर उनके दिल के बेहद करीब रहा। उन्होंने कहा, “जिम्मेदारी जितनी बड़ी होती है, एक कलाकार के तौर पर मेरी ऊर्जा भी उतनी ही बढ़ जाती है। इस सम्मान के लिए मैं दिल से आभारी हूं।”

वहीं वैभव मांगले ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद गर्व का पल है। यह अवॉर्ड पूरी टीम का है। हर किसी के योगदान के बिना यह मुमकिन नहीं हो पाता।”

जयिता घोष ने संभाली इंटरनेशनल जूरी की कमान, सिनेमा के जरिए संस्कृतियों को जोड़ने की पहल, इंटरनेशनल कल्चरल रिलेशंस की विशेषज्ञ जयिता घोष ने BRICS+ देशों और पार्टनर नेशंस के फिल्ममेकर्स और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के साथ इंटरनेशनल जूरी की अध्यक्षता की।

इस अनुभव पर जयिता घोष ने कहा, “जूरी की अध्यक्षता करना मेरे लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात रही। हमें रूस, भारत, ईरान, क्यूबा, ब्राजील, वियतनाम और बेलारूस जैसे देशों की खूबसूरत फिल्में देखने का मौका मिला। हर फिल्म की अपनी अलग पहचान और अपनी एक धड़कन थी। मैं पूरी फेस्टिवल टीम, खासकर प्रोग्रामर्स को बधाई देना चाहती हूं, जिन्होंने महीनों की मेहनत, प्लानिंग और प्रतिबद्धता के साथ इस विविधतापूर्ण कार्यक्रम को साकार किया।”

BRICS फिल्म फेस्टिवल की परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2015 में रूस के ऊफा में आयोजित BRICS समिट के दौरान पेश की थी। इसके बाद 2016 में भारत ने नई दिल्ली में BRICS फिल्म फेस्टिवल की मेजबानी की थी। जयिता घोष, जयिता स्ट्रेटेजिया (OPC) प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। यह कंपनी ब्रांडिंग, सांस्कृतिक पहलों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में स्ट्रेटेजी और कम्युनिकेशन से जुड़े काम करती है। वहीं, जयिता स्ट्रेटेजिया की एक खास पहल ‘सिनेमा कनेक्ट’ प्रोग्रामिंग, फिल्म सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन और इंडस्ट्री पार्टनरशिप के जरिए दुनियाभर के फिल्ममेकर्स और उनकी फिल्मों को ग्लोबल मंच उपलब्ध कराने का काम करती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें