Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जान्हवी सोनी को अपनी दोस्त से मिली ‘सयोनी’ की सान्वी बनने की प्रेरणा, कहा- “मेरी दोस्त बिना मां के बड़ी हुई है”

September 15, 2026

जान्हवी सोनी को अपनी दोस्त से मिली ‘सयोनी’ की सान्वी बनने की प्रेरणा, कहा- “मेरी दोस्त बिना मां के बड़ी हुई है”

स्टार प्लस का नया शो ‘सयोनी’ अपने प्रोमोज़ के सामने आने के बाद से ही चर्चा में है। सरगुन मेहता के ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस शो से रश्मि देसाई लंबे समय बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। वहीं, हाल ही में सामने आए प्रोमो में गौतम सिंह विग और जान्हवी सोनी की झलक ने कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। शो में जान्हवी सान्वी का किरदार निभा रही हैं, जिसकी परवरिश एक अनाथालय में हुई है और जिसने बचपन से मां का प्यार नहीं पाया। असल जिंदगी में जान्हवी ने भले ही ऐसी परिस्थितियों का सामना न किया हो, लेकिन अपनी एक बेहद करीबी दोस्त की जिंदगी को करीब से देखने की वजह से वह सान्वी की भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाईं।

इस बारे में बात करते हुए जान्हवी कहती हैं, “मैं खुद कभी सान्वी जैसी परिस्थितियों से नहीं गुजरी हूं, लेकिन मेरी एक बहुत अच्छी दोस्त है, जो बिना मां के बड़ी हुई है। वह अपनी मासी को ही अपनी मां मानती है और मैंने उनके इस रिश्ते को बहुत करीब से देखा है। मैं अक्सर सोचती थी कि जब वह बड़ी हो रही थी, स्कूल जाती थी, उसके एग्जाम होते थे या जिंदगी के छोटे-बड़े खास पल आते थे, तब उसकी मां उसके साथ नहीं थीं। धीरे-धीरे उसकी मासी ही उसके लिए मां और उसका सबसे बड़ा सहारा बन गईं। मुझे लगता है कि अनाथालय में बड़े होने वाले कई बच्चों को भी कोई ऐसा शख्स मिल जाता है, जिससे वे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं और उसी में उन्हें अपने परिवार और अपनेपन का एहसास मिलने लगता है।”

वह आगे कहती हैं, “मेरी दोस्त की जिंदगी को इतने करीब से देखने के अनुभव ने मुझे सान्वी और उसके अंदर मां के प्यार की कमी को समझने में मदद की। इस किरदार की तैयारी करते वक्त मैंने उन्हीं भावनाओं को महसूस करने और समझने की कोशिश की। इससे मैं यह समझ पाई कि सान्वी के लिए किसी में मां की छवि और अपना परिवार तलाशना इतना मायने क्यों रखता है।”

रश्मि देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग अभिनीत ‘सयोनी’ का प्रीमियर 23 सितंबर को शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें