एंटरटेनमेंट डेस्क: केरल हाई कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर फिलहाल 15 दिनों के लिए रोक लगा दी है। यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अदालत के इस आदेश के बाद अब इसकी रिलीज टाल दी गई है।
यह आदेश जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिया। कोर्ट ने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि फिल्म को सर्टिफिकेट देते समय सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने जरूरी सावधानी और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं किया।
गाइडलाइंस को लेकर कोर्ट की टिप्पणी
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि फिल्मों को सर्टिफिकेट देते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी होता है कि उससे सामाजिक सौहार्द और शांति प्रभावित न हो। इस मामले में यह देखने की जरूरत है कि क्या CBFC ने इन गाइडलाइंस का सही तरीके से पालन किया या नहीं।
हाई कोर्ट में दायर याचिकाओं में फिल्म के मेकर्स को दिए गए CBFC के सर्टिफिकेट को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि फिल्म में केरल राज्य की छवि को गलत ढंग से पेश किया गया है। उनका दावा है कि फिल्म के कुछ दृश्य और विषय ऐसे हैं, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। एक याचिका में यह भी मांग की गई है कि फिल्म के टाइटल से ‘केरल’ शब्द हटाया जाए। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि फिल्म का नाम और उसका प्रचार सामग्री राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और इससे लोगों के बीच भाईचारा प्रभावित हो सकता है।
ट्रेलर के बाद बढ़ा विवाद
फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं, जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, तो सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी बहस छिड़ गई। खासकर एक सीन को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। उस दृश्य में एक महिला को जबरदस्ती प्रतिबंधित मांस खिलाए जाने का दिखाया गया है। इस सीन को लेकर कई यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की थी।
अदालत ने फिल्म देखने की बात कही
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान केरल हाई कोर्ट ने कहा था कि वह फिल्म को खुद देखना चाहती है। फिल्म के मेकर्स ने अदालत को बताया कि उन्हें CBFC से आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि, याचिकाकर्ताओं ने इस मंजूरी पर भी सवाल उठाए और कहा कि सर्टिफिकेशन प्रक्रिया की सही तरीके से जांच होनी चाहिए।
फिलहाल कोर्ट ने 15 दिनों की अंतरिम रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई तक फिल्म की रिलीज पर रोक बनाए रखी है। अब सभी की नजर अगली सुनवाई पर है, जहां यह तय होगा कि फिल्म रिलीज हो पाएगी या नहीं।

