एंटरटेनमेंट डेस्क : बॉलीवुड के चर्चित कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। कपल ने अपनी दूसरी संतान के आने की खबर फैंस के साथ साझा की है। इस खास घोषणा के लिए दोनों ने बेहद प्यारा तरीका चुना, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।
नन्हे जूतों के साथ शेयर की तस्वीर
कियारा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कियारा, सिद्धार्थ और उनकी बेटी सराया के हाथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर में तीनों ने छोटे बच्चे के बुने हुए जूते पकड़ रखे हैं। इसी तस्वीर के जरिए कपल ने परिवार में नए सदस्य के आने की जानकारी दी। यह अंदाज इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पहली बार माता-पिता बनने की खबर भी दोनों ने इसी तरह नन्हे जूतों की तस्वीर के जरिए साझा की थी। पोस्ट सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
View this post on Instagram
2025 में बने थे पहली बार माता-पिता
कियारा और सिद्धार्थ ने 16 जुलाई 2025 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। उनके घर बेटी का जन्म हुआ, जिसका नाम सराया बताया गया। बेटी के जन्म के बाद कियारा ने कुछ समय परिवार के साथ बिताया और फिर धीरे-धीरे काम पर वापसी की। मां बनने के बाद कियारा कई मौकों पर अपने अनुभव के बारे में बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि मदरहुड ने उनकी जिंदगी और सोच में काफी बदलाव किया है और इस अनुभव के बाद वह खुद को पहले से ज्यादा मजबूत महसूस करती हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान भी काम करती रहीं कियारा
कियारा के काम के प्रति समर्पण की चर्चा उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग के दौरान भी हुई थी। उनकी को-स्टार हुमा कुरैशी ने बताया था कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी कियारा ने शूटिंग जारी रखी थी। हुमा के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग के दौरान कियारा गर्भावस्था के छठे महीने में थीं और बारिश वाले एक सीन को भी उन्होंने शूट किया था। उनकी इस मेहनत ने टीम के लोगों को प्रभावित किया था।

‘शेरशाह’ के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
कियारा और सिद्धार्थ की नजदीकियों की शुरुआत फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान हुई थी। साल 2021 में रिलीज हुई इस फिल्म में सिद्धार्थ ने कैप्टन विक्रम बत्रा और कियारा ने डिंपल चीमा का किरदार निभाया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के रिश्ते की खबरें सामने आने लगी थीं। हालांकि, उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा बात नहीं की। बाद में दोनों का रिश्ता धीरे-धीरे सभी के सामने आ गया।
2023 में जैसलमेर में हुई थी शादी
कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद कियारा और सिद्धार्थ ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर में शादी की थी। दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहीं।

मेष: दिन शुभ रहेगा...