वेब सीरीज की दुनिया में अगर किसी नाम ने सबसे ज्यादा पहचान बनाई है, तो वह है ‘मिर्जापुर’। बदले, सत्ता की जंग और खून-खराबे से भरी इस कहानी ने दर्शकों को पूरी तरह अपने जाल में बांध लिया। अब यही चर्चित कहानी बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। गुरुवार को फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ऐलान करते हुए इसकी रिलीज डेट भी सामने ला दी।
लंबे समय से फैंस इस बात का इंतजार कर रहे थे कि ‘मिर्जापुर’ फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है।
प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में रेगिस्तान का बैकग्राउंड दिखाया गया है, जहां कई गाड़ियां तेज रफ्तार में दौड़ती नजर आ रही हैं। पहली झलक से ही साफ हो जाता है कि फिल्म में वही पुराना ‘मिर्जापुर’ वाला तेवर देखने को मिलेगा, जहां हिंसा, टकराव और सत्ता की लड़ाई भरपूर होगी।
पोस्टर के ऊपर लाल रंग में लिखा ‘मिर्जापुर’ फिल्म के खून-खराबे और बदले से भरे माहौल का संकेत देता है। इसके ठीक नीचे फिल्म की रिलीज डेट दी गई है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस घोषणा के बाद दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया है।
पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “अब मिर्जापुर का भौकाल बड़े पर्दे पर। अपने नजदीकी सिनेमाघरों में आकर जरूर देखें।”
कहानी की बात करें तो ‘मिर्जापुर’ की दुनिया अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पूर्वांचल के मिर्जापुर जिले में अपराध और कारोबार की दुनिया का सबसे बड़ा नाम है। सत्ता, पैसा और बदले की इस कहानी ने पहले ही दर्शकों को अपना दीवाना बना रखा है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुगल और दिव्येंदु शर्मा अपने चर्चित किरदारों में लौटते नजर आएंगे। वहीं, जितेंद्र कुमार, सोनल चौहान और रवि किशन भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...