Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेलंगाना को मिली Miss World 2025 की मेजबानी, विश्व भर की सुंदरियों और पर्यटकों का होगा जमावड़ा

February 22, 2025

तेलंगाना को मिली Miss World 2025 की मेजबानी, विश्व भर की सुंदरियों और पर्यटकों का होगा जमावड़ा

Miss World 2025: विश्व की सबसे प्रतिष्ठित सौन्दर्य प्रतियोगिता मिस वर्ल्ड 2025 के 72वें संस्करण का आयोजन तेलंगाना में होने जा रहा है। कुल 4 हफ्ते(7 मई से 31 मई) तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विश्व भर की सुंदरियाँ अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करने के लिए भारत आकर इस प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन तेलंगाना के विभिन्न शहरों में किया जाएगा जिसके माध्यम से विश्व, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सुंदरता का साक्षी बनेगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन और ग्रैंड फिनाले समारोह ‘मोतियों के शहर’ और आई टी हब हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा।

वर्ष 2014 में निर्मित भारत के सबसे युवा राज्य तेलंगाना में मिस वर्ल्ड 2025 के कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। अपने निर्माण के इतने कम वर्षों में ही तेलंगाना ने प्रगति के पथ पर बड़ी छलांग लगायी है और बेहतरीन रोड कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय सुविधा वाले ऐयर पोर्ट्स, प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान, आधुनिक सुख सुविधाओं से लैस हॉस्पिटल और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही भारत की अर्थ व्यवस्था में प्रमुख भूमिका निभाने वाली आईटी इंडस्ट्री, फिल्म इंडस्ट्री और फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्री के माध्यम से मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर डेवेलप किया है। इसके साथ ही तेलंगाना ने विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अपने खूबसूरत प्राकृतिक सौन्दर्य से पूर्ण स्थलों, ऐतिहासिक इमारतों और यहाँ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के लिए एक सशक्त ईको सिस्टम भी विकसित किया है।

मिस वर्ल्ड लिमिटेड की अध्यक्ष और सीईओ जूलिया मॉर्ले सीबीई ने तेलंगाना सरकार की पर्यटन, संस्कृति, विरासत और युवा मामलों के विभाग की सचिव सुश्री स्मिता सभरवाल के साथ मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2025 के 72वें संस्करण की आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा “हमें बेहद खुशी और प्रसन्नता है कि मिस वर्ल्ड 2025 का आयोजन तेलंगाना जैसे राज्य में हो रहा है जो अपनी पुरातन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नवाचार और अपनी मेहमानवाजी के लिए सुप्रसिद्ध है। तेलंगाना सरकार के साथ हमारी पार्टनरशिप यहाँ की अतुल्य धरोहर और विरासत को पूरे विश्व के सामने प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।

यह पार्टनरशिप केवल मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी करने भर से संबंधित नहीं है अपितु यह महिलाओं और समाज को सशक्त बनाने, विश्व को यहाँ की सांस्कृतिक विविधता में भी एकता का अनुभव कराने और ‘ब्यूटी विद अ परपज’ (उद्देश्यपूर्ण सौन्दर्य का उत्सव) के ध्येय वाक्य को केंद्र में रखकर हमारी साझी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ इसका दूरगामी और स्थायी प्रभाव उत्पन्न करना है।”

सीईओ मॉर्ले के विचारों से अपनी सहमति व्यक्त करते हुए तेलंगाना सरकार की पर्यटन, संस्कृति, विरासत और युवा मामलों के विभाग की सचिव सुश्री स्मिता सभरवाल ने तेलंगाना में मिस वर्ल्ड संगठन का स्वागत करते हुए कहा “हम मिस वर्ल्ड लिमिटेड की अध्यक्ष और सीईओ जूलिया मॉर्ले सीबीई के निर्णय का स्वागत करते है कि प्रतियोगिता कराने के लिए एक ऐसी जगह का चुनाव किया है जहां सौन्दर्य केवल आँखों से देखने का विषय नहीं है बल्कि यहाँ पर आने वाले विश्व भर के प्रतिभागियों और पर्यटकों को यहाँ की मिट्टी, यहाँ की संस्कृति और परंपराओं में सौन्दर्य का अप्रतिम अनुभव होगा। तेलंगाना एक ऐसा स्थान है जहां हर त्योहार एक उत्सव है, जहां शिल्प और कारीगरी करने वाला हर हाथ नित नए सौन्दर्य की संरचना गढ़ता है। तेलंगाना सही मायनों में सच्ची सुंदरता का प्रतीक है। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन तेलंगाना के लिए गर्व की बात है। ”

उन्होंने आगे कहा “मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के इस मंच के माध्यम से तेलंगाना अपनी समृद्ध शिल्प कारीगरी और हथकरघा की विरासत, यहाँ के शानदार पर्यटन स्थलों, स्वादिष्ट व्यंजनों, प्राकृतिक सौन्दर्य और कला-कृतियों को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करेगा। तेलंगाना, मिस वर्ल्ड-2025 की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार है साथ ही हम विश्व भर से आने वाले अतिथियों के शानदार स्वागत और आवाभगत के लिए तत्पर हैं।

प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड फेस्टिवल में भारत सहित 120 से भी अधिक देशों की सुंदरियाँ अपनी किस्मत अजमाएंगी जो ना केवल विश्व सुंदरी का ताज पहनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी बल्कि मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन के ‘ब्यूटी विद अ परपज’ के मिशन को भी सार्थकता के साथ आगे बढ़ाएंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए विभिन्न देशों की प्रतिभागी 7 मई को तेलंगाना पहुंचेंगी और 31 मई को हैदराबाद में होने वाले ग्रैंड फिनाले में मौजूदा मिस वर्ल्ड चेकिया की क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा अपनी उत्तराधिकारी को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाएंगी।

वर्ष 2024 में नई दिल्ली और मुंबई में आयोजित 71वें मिस वर्ल्ड की शानदार सफलता के बाद वैश्विक सौन्दर्य का यह उत्सव अब एक बार फिर से भारत में आयोजित होने जा रहा है। वर्ष 1951 में शुरू हुई इस विश्व प्रसिद्ध सौन्दर्य प्रतियोगिता के 72वें संस्करण की मेजबानी के लिए तेलंगाना में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं साथ ही तेलंगाना इस भव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए “तेलंगाना -जरूर आना”: जहां सच्चे मायनों में सौन्दर्य मिलता है के ध्येय वाक्य के साथ विश्व को आमंत्रित रहा है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Miss World (@missworld)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें