Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सैयारा’ के साथ Mohit Suri की वापसी, निर्देशक बोले- ‘अगर अहान और अनीत नहीं मिलते, तो फिल्म ही नहीं बनती’

July 8, 2025

‘सैयारा’ के साथ Mohit Suri की वापसी, निर्देशक बोले- ‘अगर अहान और अनीत नहीं मिलते, तो फिल्म ही नहीं बनती’

एंटरटेनमेंट डेस्क: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय बाद ‘सैयारा’ एक ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने डेब्यू करने वाले कलाकारों के साथ जबरदस्त चर्चा बटोरी है। आज यशराज फिल्म्स ने सैयारा का ट्रेलर जारी किया और इंटरनेट पर तुरंत इसका खुमार छा गया।

फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी ने खुलासा किया है कि उन्हें सैयारा को लेकर दर्शकों से मिल रहे प्यार से बहुत खुशी और विनम्रता का अनुभव हो रहा है, क्योंकि एक समय ऐसा था जब उन्होंने “नए कलाकारों के साथ सैयारा बनाने का विचार ही छोड़ दिया था”, क्योंकि उन्हें ऐसे डेब्यू कलाकार नहीं मिल रहे थे जिनमें अभिनय की क्षमता हो। लेकिन जब उन्हें अहान पांडे और अनीत पड्डा मिले, तब उन्हें विश्वास हुआ कि ये दोनों उनके विज़न पर खरे उतर सकते हैं।

मोहित कहते हैं, “अगर मुझे अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे काबिल कलाकार नहीं मिले होते, तो मैं ‘सैयारा’ बनाता ही नहीं। मैं ईमानदारी से कह रहा हूं कि मैं किसी और प्रोजेक्ट पर काम करने का सोच रहा था, तभी मेरी मुलाकात यशराज फिल्म्स से हुई जो एक युवा प्रेम कहानी की तलाश में थे और अहान व अनीत को एक फिल्म के लिए तैयार कर रहे थे।”

वह आगे कहते हैं,“जब आप नए कलाकारों के साथ प्रेम कहानी बनाते हैं, तो जरूरी है कि उनमें वो अभिनय क्षमता हो, जो कहानी की भावनात्मक गहराई को सही तरीके से पेश कर सके। कोई भी नहीं उम्मीद करता कि डेब्यूटेंट्स रणबीर कपूर या आलिया भट्ट जैसी परिपक्वता दिखाएं, लेकिन उन्हें स्क्रीन पर अपना प्रभाव दिखाना आना चाहिए। मुझे शुरुआत में ऐसे डेब्यू कलाकार नहीं मिल रहे थे, जिनमें वो मासूमियत और गहराई हो। इसलिए मैंने स्क्रिप्ट को स्टार-फेस के साथ बनाने का विचार कर लिया था।”

मोहित आगे बताते हैं, “मैंने स्क्रिप्ट को कॉमर्शियल चेहरों के साथ जोड़ने का निर्णय ले लिया था। लेकिन इस दौरान स्क्रिप्ट पर काम करने में समय लग गया, और मेरी मुलाकात यशराज फिल्म्स से हुई। जब मैंने अहान और अनीत के ऑडिशन देखे, तो मैंने उनके साथ समय बिताया ताकि उनकी अभिनय, इंटेलेक्चुअल और इमोशनल डेप्थ को परख सकूं। मैं हैरान था कि ये दो नए चेहरे कितने समर्पण और अभिनय क्षमता के साथ तैयार हैं। यह आज के समय में दुर्लभ है, और यह मेरे लिए बहुत रिफ्रेशिंग अनुभव है।”

मोहित कहते हैं, “मुझे खुशी है कि मुझे ये दोनों कलाकार मिले, क्योंकि मैं यह फिल्म उसी तरह बना रहा हूं जैसी यह बनने के लिए लिखी गई थी।”

‘सैयारा’, यशराज फिल्म्स और मोहित सूरी की पहली फिल्म है दोनों ही समय से परे प्रेम कहानियां रचने के लिए जाने जाते हैं। फिल्म ने अब तक फहीम-अर्सलान का टाइटल ट्रैक सैयारा, जुबिन नौटियाल का बर्बाद , विशाल मिश्रा का तुम हो तो, सचेत-परंपरा का हमसफ़र और अरिजीत सिंह और मिथुन का धुन जैसे चार्टबस्टर गानों के साथ वर्ष का सर्वश्रेष्ठ एल्बम दे दिया है।

यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी, जो फिल्म के निर्माता भी हैं, कहते हैं,
“वायआरएफ में, हमारे पास ऐसी प्रेम कहानियां बनाने की विरासत है जो लोगों के दिलों में वर्षों तक बसी रहती हैं। मोहित सूरी के साथ हमारा यह सहयोग बहुत स्वाभाविक था क्योंकि वह भी इसी शैली को उतना ही पसंद करते हैं जितना हम। हम एक ऐसी कहानी कहना चाहते थे जो आज के युवाओं की भावनाओं, समर्पण और गहराई को दर्शाए।”

अक्षय आगे कहते हैं,“यह एक प्रेम कहानी है जो मूलतः वाईआरएफ स्टाइल की है लेकिन उसमें मोहित सूरी के 20 सालों से चले आ रहे इंटेंस रोमांस की छाप भी है। लंबे समय बाद डेब्यूटेंट्स के साथ ऐसी कहानी बनी है, और हमें उम्मीद है कि दर्शकों को यह नई ताजगी देगी। सैयारा के साथ अहान पांडे वाईआरएफ के नए हीरो के रूप में लॉन्च हो रहे हैं। वहीं, अनीत पड्डा, जिन्होंने बिग गर्ल्स डोंट क्राई वेब सीरीज़ से दर्शकों का दिल जीता था, वाईआरएफ की अगली नायिका के रूप में पेश की गई हैं।

‘सैयारा’ 18 जुलाई, 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें