
मुंबई : अभिनेत्री और निर्देशक नंदिता दास हाल ही में अपने परिवार के साथ अपने पुराने स्कूल सरदार पटेल विद्यालय में आयोजित एक समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं और फैंस के साथ बचपन की यादें ताजा कीं। नंदिता ने बताया कि वह आमतौर पर तुरंत पोस्ट नहीं करतीं, बल्कि कुछ समय बाद अपने अनुभवों को लिखकर साझा करना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि अपने अनुभवों को शब्दों में ढालकर याद रखना और उन्हें अपने करीबी लोगों, दोस्तों और फैंस के साथ साझा करना उन्हें बहुत भाता है।
इस कार्यक्रम का आयोजन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हुआ, जिसमें नंदिता को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि आखिरी तस्वीर तब की है जब वह नर्सरी में थीं और मजाकिया अंदाज में पूछा, “क्या आप मुझे पहचान सकते हैं?”
![]()
नंदिता ने स्कूल लौटने पर अपने भावनाओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस स्कूल में 14 साल तक पढ़ाई की और यहां उन्हें विभिन्न भाषाएं सीखने का अवसर मिला, जैसे तमिल, मराठी, असमिया और गुजराती। स्कूल का माहौल बहुत खुला और अपनापन भरा था, जहां सवाल पूछने और सभी को साथ लेकर चलने की आदत डाली जाती थी। इसने उनकी सोच और व्यक्तित्व पर गहरा असर डाला। स्कूल में नृत्य, संगीत, कला, खेल और सामाजिक काम को भी पढ़ाई जितना ही महत्व दिया जाता था।
नंदिता ने बताया कि स्कूल लौटकर उन्हें बेहद खुशी और भावुकता महसूस हुई। उन्होंने अपने माता-पिता और बेटे विहान के साथ स्कूल का दौरा किया, पुराने अनुभवों को फिर से जीया और स्कूल के माहौल का आनंद लिया। भले ही शिक्षक, छात्र और अभिभावक अब नए थे, लेकिन स्कूल का वह अपनापन और गर्मजोशी आज भी वैसी ही थी। नंदिता ने इस अनुभव को अपने जीवन के मूल्य और यादगार पलों से जोड़ा और इसे बेहद खास बताया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...