Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Saif Ali Khan केस में आया नया मोड़, आरोपी शहजाद के 19 फिंगरप्रिंट की रिपोर्ट आई निगेटिव, नमूने नहीं हुए मैच

January 27, 2025

Saif Ali Khan केस में आया नया मोड़, आरोपी शहजाद के 19 फिंगरप्रिंट की रिपोर्ट आई निगेटिव, नमूने नहीं हुए मैच

मुंबई: अभिनेता सैफ अली हमले को लेकर नई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच में जुटी पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले 19 फिंगरप्रिंट की रिपोर्ट निगेटिव आई है, आरोपी शहजाद के नमूने उस रिपोर्ट से मेल नहीं खाते हैं।

सीआईडी (अपराध जांच विभाग) ने सैफ अली खान के घर से मिले फिंगरप्रिंट के सैंपल और मामले में गिरफ्तार आरोपी शरीफुल इस्लाम के फिंगरप्रिंट को मैच कर मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। सीआईडी ने मुंबई पुलिस को फिंगरप्रिंट सैंपल की निगेटिव रिपोर्ट दी है, यानी कि घटनास्थल से कलेक्ट किए गए नमूनों में से 19 नमूने आरोपी के फिंगरप्रिंट से मेल नहीं खाते हैं। आरोपी शरीफुल की सभी दस उंगलियों के निशान राज्य की सीआईडी के फिंगरप्रिंट ब्यूरो को भेजे गए थे।

सीआईडी ने सिस्टम-जनरेटेड रिपोर्ट के माध्यम से इस बात की पुष्टि की और बताया कि घटना स्थल से कलेक्ट किए गए 19 फिंगरप्रिंट जो उन्हें भेजे गए थे, वे आरोपी के फिंगरप्रिंट से मेल नहीं खाते। अब इस रिपोर्ट को पुणे सीआईडी सुपरिटेंडेंट को भेजा गया है।

वहीं, जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद शहजाद का नया कबूलनामा सामने आया है, जिसमें उसने बताया कि अभिनेता शाहरुख खान के बंगले मन्नत में चोरी में नाकामयाब होने पर वह सैफ के घर घुसा था। आरोपी ने यह भी बताया कि भारतीय दस्तावेज बनवाने के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी।

मुंबई पुलिस के अनुसार आरोपी शहजाद ने बताया कि उसने अभिनेता शाहरुख खान के घर में चोरी की कोशिश की थी। हालांकि, वहां वह नाकामयाब रहा। इस वजह से उसने दूसरे घर में चोरी करने की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की आवश्यकता थी। उसे कुछ दस्तावेज बनवाने थे। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उससे किसी ने भारतीय दस्तावेज बनाकर देने का वादा किया था और इस बदले उससे रुपयों की मांग की थी।

आरोपी ने पुलिस के सामने बताया कि उसे आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाने के लिए रुपये चाहिए थे, जिसके लिए उसने चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि उस शख्स की तलाश की जा रही है, जिसने उसे दस्तावेज बनाकर देने का वादा किया था।

इस बीच बता दें कि मुंबई पुलिस की टीम जांच के लिए रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंच चुकी है। सैफ अली खान मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शहजाद बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद कुछ दिनों तक कोलकाता में रह रहा था। मामले की तह तक जाने और आरोपी के बारे में और ज्यादा जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल पहुंच चुकी है। पुलिस खुकुमोनी जहांगीर शेख नाम के शख्स की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार जहांगीर शेख ने ही सैफ पर हमले के आरोपी शहजाद को सिम कार्ड दिया था। मुंबई पुलिस को आरोपी के पास से जो सिम कार्ड बरामद हुआ था, वह खुकुमोनी जहांगीर शेख के नाम पर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें