Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘लगान’ के कला निर्देशक Nitin Chandrakant Desai का शव मुंबई के पास स्टूडियो में में मिले मृत

August 2, 2023

‘लगान’ के कला निर्देशक Nitin Chandrakant Desai का शव मुंबई के पास स्टूडियो में में मिले मृत

मुंबईः जाने-माने फिल्म कला निर्देशक नितिन देसाई का शव बुधवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में उनके स्टूडियो में लटका मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। देसाई को ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘लगान’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाना जाता है। अधिकारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है और इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने कहा, ‘‘देसाई का शव सुबह एन डी स्टूडियो में रस्सी से लटका मिला।’’ यह स्टूडियो मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर रायगढ़ के कजर्त इलाके में है।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस देसाई के स्टूडियो पहुंची। घरगे ने कहा कि पुलिस मामले की सभी कोण से जांच कर रही है। देसाई ने कई बॉलीवुड और मराठी फिल्मों के लिए कला निर्देशक और प्रोडक्शन डिजाइनर के रूप में काम किया था। उन्हें ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘जोधा अकबर’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों में कला निर्देशन के लिए जाना जाता है। कला निर्देशक की मौत से फिल्म उद्योग सकते में है और हेमा मालिनी, रितेश देशमुख, सिद्धार्थ बासु और नील नितिन मुकेश ने देसाई के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

अभिनय से राजनीति में आईं हेमा मालिनी ने कहा कि देसाई का निधन फिल्म उद्योग के लिए ‘अपूरणीय क्षति’ है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वह जिंदादिल इंसान थे और वह मेरी कई परियोजनाओं से जुड़े हुए थे..वह जहां भी हों उनकी आत्मा को शांति मिले।’’ नील ने कहा कि देसाई की मौत की दिल दहला देने वाली खबर को स्वीकार कर पाना मुश्किल है। देसाई ने 2009 में ‘जेल’ फिल्म के लिए काम किया था, जिसमें नील ने अभिनय किया था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हमारे प्यारे नितिन देसाई नहीं रहे। वह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे।’’ नील ने कहा कि देसाई न केवल कला बल्कि लोगों को भी समझते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘वह एक नेक इंसान थे जिन्होंने सभी को केवल प्यार दिया। ईश्वर उनके परिवार को शक्ति दे। ओम शांति।’’ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘दस का दम’ में देसाई के साथ काम कर चुके बसु ने कहा कि ‘वह मित्र और कला सहयोगी’ देसाई के निधन से स्तब्ध हैं। सिद्धार्थ बसु ने ट्वीट किया, ‘‘ उन्होने हमारे शो केबीसी, कमजोर कड़ी, हार्टबीट, ब्लफमास्टर, सच का सामना जैसे कई शो का सेट डिजाइन किया था। उन्होंने औद्योगिक स्तर पर विश्वस्तरीय ढांचों (सेट) का निर्माण किया। ओम शांति।’’ अभिनेता देशमुख ने ट्वीट किया,‘‘यह जानकर गहरा सदमा लगा कि भारतीय सिनेमा के विकास में बहुत बड़ा योगदान देने वाले दिग्गज प्रोडक्शन डिजाइनर नितिन देसाई अब नहीं रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिवार और प्रियजन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं उन्हें कई वर्षों से जानता था.. मृदुभाषी, विनम्र, महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी..आपकी याद आएगी मेरे मित्र। ओम शांति।’’ फिल्मकार संजय गुप्ता और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने भी देसाई की मौत पर शोक जताया। देसाई का करीब 30 साल का करियर था और उन्होंने विधु विनोद चोपड़ा, संजय लीला भंसाली, राजकुमार हिरानी और आशुतोष गोवारिकर जैसे निर्देशकों के साथ काम किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें