Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Paatal Lok 2 Trailer : Prime Video ने बहुप्रतीक्षित “Paatal Lok” के दूसरे सीजन का रोमांचक ट्रेलर किया लॉन्च

January 6, 2025

Paatal Lok 2 Trailer : Prime Video ने बहुप्रतीक्षित “Paatal Lok” के दूसरे सीजन का रोमांचक ट्रेलर किया लॉन्च

Paatal Lok 2 Trailer : भारत के सबसे पसंदीदा मनोरंजन स्थल, प्राइम वीडियो ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित और समीक्षकों द्वारा सराही गई सीरीज पाताल लोक के दूसरे सीजन का रोमांचक ट्रेलर लॉन्च किया। अविनाश अरुण धवारे द्वारा निर्देशित और क्लीन स्लेट फिल्म्ज के साथ ईयूनोइया फिल्म्स द्वारा निर्मित इस क्राइम थ्रिलर को सुदीप शर्मा द्वारा लिखित, रचित किया गया है और वह इसके कार्यकारी निर्माता भी है। इस नए सीजन में इसके लोकप्रिय मुख्य कलाकार, जैसे जयदीप अहलावत, इश्वाक सिंह और गुल पनाग की वापसी हो रही है, साथ ही तिलोत्तमा शोम, नागेश कुकुनूर और जाह्नु बरुआ जैसे नए कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में शामिल हैं।

हाथी राम चौधरी के साथ अंधकार और नई चुनौतीपूर्ण दुनिया में प्रवेश करने के लिए तैयार हो जाइए। पाताल लोक सीजन 2 का प्रीमियर 17 जनवरी को विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा।पाताल लोक सीजन 2 का ट्रेलर एक रोमांचक क्राइम थ्रिलर की झलक पेश करता है, जिसमें अंडरडॉग इंस्पेक्टर हाथी राम चौधरी को अनदेखे और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उतारा गया है। नागालैंड की पृष्ठभूमि पर आधारित यह ट्रेलर दिखाता है कि कैसे हाथी राम अपने भरोसेमंद सहयोगी इमरान अंसारी के साथ मिलकर सच की खोज में सिस्टम की ताकतों और समाजिक बुराइयों के खिलाफ अपनी जिद जारी रखता है।

एक खतरनाक ड्रग सिंडिकेट से जुड़े प्रवासी कामगार के लापता होने की जांच करने का काम सौंपे जाने के बाद, हाथी राम को अपने निजी संघर्षों से लड़ते हुए रहस्यों के चक्रव्यूह से बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अपने रिश्तों के टूटने की कगार पर होने और सच पहले से कहीं अधिक पकड़ से बाहर होने के साथ, इस सीजन में हाथी राम की सहनशक्ति और नैतिकता की अब तक की सबसे कठिन परीक्षा ली जाती है।

अभिनेता जयदीप अहलावत ने कहा, कि “पाताल लोक सीजन 1 मेरे करियर की एक विशेष उपलब्धि थी, और इसे मिली जबरदस्त सराहना आज भी मुझे विनम्र बनाती है। “हाथी राम चौधरी केवल एक किरदार नहीं था, बल्कि यह समाज और मानवता की जटिलताओं को प्रतिबिंबित करने वाला एक दर्पण बन गया, जिसने दुनियाभर में लाखों लोगों के दिलों को छुआ। सीजन 2 के साथ, हम हाथी राम की मनोस्थिति में और गहराई तक उतरते हैं। यह सीजन उसके असली, असुरक्षित पक्ष को उजागर करता है, क्योंकि वह नई प्रतिकूलताओं, अनदेखे नैतिक संघर्षों और अपनी ही परछाइयों से जूझता है। यह और भी अधिक गहरा, कठोर और मानवीय जटिलताओं से भरा हुआ है, जो दर्शकों को बांधे रखेगा। जयदीप ने आगे कहा कि टीजर और पोस्टर ने पहले ही उत्सुकता जगा दी है, और मैं इस रोमांचक अध्याय को दर्शकों के साथ साझा करने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें