एंटरटेनमेंट डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा हाल ही में पहली बार माता-पिता बने हैं। बता दें कि दिवाली के ठीक एक दिन पहले इस स्टार कपल ने अपने बेटे के जन्म की खुशखबरी साझा की थी, जिसके बाद से ही फैन्स उनके बच्चे की झलक और नाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब लगभग एक महीने बाद दोनों ने अपने बेटे के नाम से पर्दा उठा दिया है।
बेटे का नाम रखा ‘नीर’… सोशल मीडिया पर छाई पोस्ट
कपल ने इंस्टाग्राम पर दो प्यारी तस्वीरों के साथ अपने नन्हे मेहमान का नाम ‘नीर’ बताया है। इस अनोखे नाम का अर्थ भी उतना ही खूबसूरत है। ‘नीर’ संस्कृत और हिंदी का शब्द है, जिसका मतलब पानी या शुद्धता माना जाता है। यह नाम सरल होते हुए भी दुर्लभ है, इसलिए सोशल मीडिया पर लोगों को यह बेहद पसंद आ रहा है।
View this post on Instagram
अपने पोस्ट में परिणीति और राघव ने एक सुंदर श्लोकनुमा पंक्ति भी लिखी कि “जलस्य रूपम्, प्रेमस्य स्वरूपम् तत्र एव नीर।” इसके साथ उन्होंने बताया कि उनके दिल को जीवन की इस अनमोल बूंद में एक नई शांति मिली है। दोनों ने बेटे के बारे में लिखते हुए कहा कि ‘नीर’ उनके लिए शुद्धता, दिव्यता और अनंतता का प्रतीक है।
इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुई पोस्ट
पोस्ट सामने आते ही यह इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। फैन्स, सेलेब्रिटीज़ और राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों ने कमेंट कर कपल को ढेरों शुभकामनाएँ दीं। फिलहाल परिणीति और राघव पैरेंटहुड के नए सफर का आनंद ले रहे हैं और प्रशंसक बच्चे की और झलकियों का इंतजार कर रहे हैं।