मुंबई : अभिनेत्री पूजा बत्रा जल्द ही एक रूसी फिल्म ‘द मैजिक लैंप’ (The Magic Lamp) में नज़र आएंगी, जिसके साथ वह काफी समय बाद हिंदी सिनेमा से हटकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी कर रही हैं। बॉलीवुड की अभिनेत्री पूजा बत्रा ने फिर से साबित कर दिया कि उनकी कला की कोई सीमा नहीं होती। लंबे समय तक पर्दे से दूर रहने के बाद, पूजा ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा ऐलान किया – वह जल्द ही रूसी फिल्म ‘द मैजिक लैंप’ में नजर आने वाली हैं! इस खबर के साथ ही उनके फैंस और बॉलीवुड जगत में हलचल मच गई। पूजा ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “‘द मैजिक लैंप’ में काम करना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है। इस फिल्म को लैंडक प्रोड्यूस कर रहा है। कला की कोई सीमा नहीं होती, और इस प्रोजेक्ट पर काम करके मुझे बहुत अच्छा लगा।”
पूजा बत्रा हमेशा से ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बनाने के लिए जानी जाती रही हैं। इससे पहले वे हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘वन अंडर द सन’ में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं, जिसमें उन्होंने अंतरिक्ष यात्री का किरदार निभाया था। उनकी साल 2005 की फिल्म ‘ताज महल: एन इटरनल लव स्टोरी’ को कान्स फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
![]()
पूजा का सफर मॉडलिंग से शुरू हुआ। उन्होंने मिस इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और इसके बाद सिनेमा की दुनिया में कदम रखा। 1997 में उनकी फिल्म ‘विरासत’ रिलीज हुई, जो उनकी शुरुआती हिट रही। इसके बाद उन्होंने ‘भाई’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘दिल ने फिर याद किया’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि बाद में उनकी फिल्मों ने उतनी सफलता नहीं पाई, लेकिन पूजा की छवि अब भी फैन्स के दिलों में जिंदा है।
पूजा ने रेडियो शो होस्ट किए और अमेरिका में भारतीय समुदाय के लिए कंटेंट तैयार किया, जिससे यह साबित होता है कि वह सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं हैं। अब उनकी रूसी फिल्म में एंट्री यह दर्शाती है कि उनका ग्लोबल सफर अभी शुरू हुआ है। फैंस कह रहे हैं कि पूजा बत्रा का यह कदम बॉलीवुड और हॉलीवुड के बीच पुल बनाने जैसा है। सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट वायरल हो चुका है और लोग उनके नए प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं।