Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्म ‘The India Story’ का पोस्टर आउट, Kajal Aggarwal और Shreyas Talpade नजर आएंगे साथ

June 18, 2026

फिल्म ‘The India Story’ का पोस्टर आउट, Kajal Aggarwal और Shreyas Talpade नजर आएंगे साथ

‘The India Story’ poster: ‘द इंडिया स्टोरी’ के निर्माताओं ने आखिरकार फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया है। ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शंस एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से प्रस्तुत इस फिल्म ने पहले जारी किए गए पोस्टर्स के जरिए दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा की थी, और अब नए पोस्टर ने फिल्म की कहानी की एक प्रभावशाली झलक सामने रखी है।

नए पोस्टर में काजल अग्रवाल एक दृढ़ निश्चयी वकील के किरदार में नजर आ रही हैं, जबकि श्रेयस तलपड़े एक चिंतित पिता की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर में उनकी बेटी का किरदार निभा रही एक छोटी बच्ची भी नजर आती है, जो इस संकट से प्रभावित लाखों परिवारों की मानवीय पीड़ा को दर्शाती है।

मुंबई हाई कोर्ट की पृष्ठभूमि और गवाहों के कटघरे में रखे गए एक कीटनाशक सिलेंडर की प्रतीकात्मक छवि यह संकेत देती है कि फिल्म की कहानी खाद्य मिलावट और उससे जुड़े गंभीर मुद्दों पर आधारित एक दमदार कोर्टरूम ड्रामा पेश करेगी।

फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। ‘द इंडिया स्टोरी’ 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज की जाएगी, जिसका वितरण ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा किया जाएगा।

पोस्टर रिलीज़ होने के बाद फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक चेतन डीके ने कहा, “द इंडिया स्टोरी हर उस भारतीय की कहानी है, जिसके परिवार या प्रियजनों पर खाद्य मिलावट का असर पड़ा है। यह हमारे समाज की सबसे उपेक्षित, लेकिन बेहद गंभीर समस्याओं में से एक को उजागर करती है। साथ ही यह एक ऐसी समस्या है, जो हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में हम सभी को प्रभावित करती है। इस फिल्म के माध्यम से हम इस छिपी हुई सच्चाई को सामने लाना चाहते थे और इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा शुरू करना चाहते थे। मुझे पूरा विश्वास है कि फिल्म का सशक्त संदेश लोगों की आंखें खोलने का काम करेगा और उन्हें रोज़ाना उपभोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों के प्रति अधिक जागरूक बनने के लिए प्रेरित करेगा।”

फिल्म भारत की उन गंभीर लेकिन अक्सर नजरअंदाज कर दी जाने वाली सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्याओं में से एक, खाद्य मिलावट पर प्रकाश डालती है। एक तीव्र और विचारोत्तेजक कहानी के माध्यम से यह फिल्म रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों में छिपे खतरों को उजागर करने और समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास करती है।

फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैदाने, अनिता जाधव, विनायक सैदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराते और प्रेम जोशी शामिल हैं। वहीं तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, एडिटर आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आज़मी और साउंड डिज़ाइनर अनमोल भावे शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें