
एंटरटेनमेंट डेस्क: अमित साध और ईशा धर्मेंद्र देओल स्टारर फिल्म ‘प्रताप’ के मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘मिलके रहेंगे’ रिलीज़ कर दिया है। इस खूबसूरत गाने को मशहूर गायक विशाल ददलानी ने अपनी आवाज़ दी है। यह भावुक गाना प्यार, एक-दूसरे से दूर होने के दर्द और फिर से मिलने की उम्मीद को बखूबी बयां करता है। यह उन रिश्तों की खूबसूरती को दर्शाता है, जो दूरियों के बावजूद कभी कमजोर नहीं पड़ते।
रोहन-रोहन द्वारा कंपोज़ किए गए इस गाने के बोल रोहन गोखले ने लिखे हैं। यह गाना फिल्म की भावनात्मक कहानी को सामने लाता है और रिश्तों की मजबूती के साथ-साथ उन वादों को भी खूबसूरती से दर्शाता है, जो अपनों को एक-दूसरे से जोड़े रखते हैं।
गाने को लेकर अमित साध ने कहा, “’मिलके रहेंगे’ प्यार, प्रतिबद्धता और उन वादों के खूबसूरत एहसास को बयां करता है, जो हम अपने खास लोगों से करते हैं। यह विश्वास कि दो दिल कभी सच में एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकते, एक ऐसा एहसास है जिससे हर कोई जुड़ाव महसूस कर सकता है। इस गाने का ‘प्रताप’ की कहानी से एक खास भावनात्मक जुड़ाव है और मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इसकी भावनाओं को महसूस कर पाएंगे।”
इस गाने को रिदम शॉ ने अरेंज और प्रोड्यूस किया है, जबकि रोहन-रोहन ने इसमें अतिरिक्त अरेंजमेंट्स किए हैं। रयान डायस ने बैकिंग वोकल्स और कोरस अरेंजमेंट्स संभाले हैं। वहीं, शादाब रयीन ने गाने की मिक्सिंग और मास्टरिंग की है।
‘मिलके रहेंगे’ 11 नवंबर 2026 को रिलीज़ हो चुका है और अब यह यूवी म्युज़िक के यूट्यूब चैनल के साथ-साथ सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
सचिन सराफ द्वारा लिखित और निर्देशित ‘प्रताप’ की कहानी प्रताप रानाडे (अमित साध) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ताकतवर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है। हालांकि, उसकी जिंदगी में तब अप्रत्याशित मोड़ आता है, जब उसे खुद सलाखों के पीछे जाना पड़ता है। फिल्म में अमित साध के साथ ईशा धर्मेंद्र देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म कर्तव्य, वफादारी, फैसलों और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाती है। फिल्म का संगीत रोहन-रोहन और अफजल अली खान ने तैयार किया है, जबकि ओरिजिनल बैकग्राउंड स्कोर अफजल अली खान और अरबाज खान ने दिया है। फिल्म में शाश्वत सिंह की आवाज़ में भी गाने शामिल हैं। फिल्म का म्यूजिक यूवी म्युज़िक पर उपलब्ध है। ‘प्रताप’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।