
Prince Narula-Yuvika Chaudhary : टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल प्रिंस नरूला और युविका चौधरी ने आखिरकार अपनी एक साल की बेटी एकलीन का चेहरा पहली बार सबके सामने दिखा दिया है। बेटी के जन्म के बाद से ही दोनों उसके चेहरे को कैमरों से दूर रखते आए थे, लेकिन गुरु नानक जयंती के खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को यह प्यारा सरप्राइज दिया। बता दें कि बुधवार, 5 नवंबर को यह कपल अपनी नन्हीं राजकुमारी के साथ मुंबई के एक गुरुद्वारे में आशीर्वाद लेने पहुंचा, जहां उनकी फैमिली की झलक सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
सोशल मीडिया पर छाई क्यूटनेस
गुरुद्वारे के बाहर तीनों बेहद खूबसूरत नजर आए। प्रिंस नरूला ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहना था, जबकि युविका लाल रंग के पारंपरिक सलवार सूट में दिखीं। छोटी एकलीन सफेद ड्रेस में बेहद प्यारी लग रही थी। परिवार ने मुस्कुराते हुए पैपराजी को पोज दिए। इस दौरान युविका ने हाथ जोड़कर सम्मान जताया और अपनी बेटी को भी वही सिखाया। एकलीन की मासूम मुस्कान और क्यूट हावभाव देखकर फैंस का दिल पिघल गया।
एक साल की हो गई है बेटी
हाल ही में प्रिंस और युविका ने बेटी का पहला जन्मदिन बड़े प्यार से मनाया था। उस मौके पर प्रिंस ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट लिखते हुए कहा था, “हैप्पी बर्थडे मेरी बेबी डॉल एकलीन नरूला, तुम्हारी मुस्कान ने मेरी जिंदगी बदल दी है। पापा हमेशा तुम्हारे साथ रहेंगे और तुम्हें एक अच्छा इंसान बनाएंगे।”
बता दें, प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की मुलाकात बिग बॉस 9 के सेट पर हुई थी, जहां से दोनों की दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। 12 अक्टूबर 2018 को दोनों ने शादी की थी, और 19 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अपनी बेटी एकलीन का स्वागत किया। अब यह छोटा सा परिवार फैंस के लिए खुशी और प्यार की मिसाल बन गया है।