Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rajinikanth की हालत स्थिर, गुरुवार को अस्‍पताल से मिलेगी छुट्टी

October 2, 2024

Rajinikanth की हालत स्थिर, गुरुवार को अस्‍पताल से मिलेगी छुट्टी

चेन्नई: सोमवार रात चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए तमिल मेगास्टार रजनीकांत की हालत अब स्थिर है। उनकी हेल्‍थ पर अपडेट देते हुए अस्पताल की ओर से हेल्‍थ बुलेटिन जारी किया गया है। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि मेगास्टार का हृदय संबंधी सफल ऑपरेशन हो गया है। साथ ही कहा कि उन्हें गुरुवार तक छुट्टी दे दी जाएगी। अस्पताल ने बयान में कहा, रजनीकांत को 30 सितंबर 2024 को ग्रीम्स रोड के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके दिल की मुख्य रक्त वाहिका (एओर्टा) में सूजन थी, जिसका इलाज नॉन सर्जिकल ट्रांसकैथेटर विधि से किया गया।

बयान में कहा गया, वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. साई सतीश ने एओर्टा में स्टेंट लगाकर सूजन पूरी तरह से कम कर दिया। हम उनके शुभचिंतकों और प्रशंसकों को बताना चाहेंगे कि उनका इलाज सफल रहा। रजनीकांत अब स्वस्थ और स्थिर हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्हें दो दिन में घर जाने की अनुमति दे दी जाएगी। तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मैं दुनिया भर में थिरु रजनीकांत के लाखों प्रशंसकों के साथ खड़ा हूं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

इस बीच तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम ने एक बयान में कहा कि रजनीकांत को सोमवार रात निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तब से वह लगातार अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि रजनीकांत ठीक हो रहे हैं और जल्द ही उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। बता दें कि 2020 में ब्‍लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव के कारण रजनीकांत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से छुट्टी मिलने के बाद उन्‍हें एक महीने के लिए आराम करने की सलाह दी गई थी।

सुपरस्टार जल्‍द ही बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और मलयालम स्टार मंजू वारियर के साथ फिल्म वेट्टैयान में दिखाई देंगे। यह फिल्‍म 10 अक्टूबर को रिलीज होगी। टी.जे. ज्ञानवेल द्वारा निर्देशित वेट्टैयान तमिल फिल्म उद्योग में अमिताभ बच्चन की पहली फिल्म होगी। अमिताभ बच्चन और मंजू वारियर के अलावा, फिल्म में फहद फासिल, राणा दग्गुबाती, रितिका सिंह, तुषारा विजयन और अभिरामी भी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें