Site icon Dainik Savera Times

जेल से रिहा के बाद राजपाल यादव का दिखा पुराना अवतार, मीडिया के सामने उछल-कूद करते आए नजर

rajpal yadav

rajpal yadav

एंटरटेनमेंट डेस्क: कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता Rajpal Yadav इन दिनों 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़े चेक बाउंस मामले को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि अब वह जेल से बाहर आ चुके हैं और हाल ही में पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव सीधे अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में चेक बाउंस केस, आर्थिक परेशानियों और इंडस्ट्री के दोस्तों से मिली मदद पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कुछ साथियों ने उनका हौसला बढ़ाया।

हाल ही में उन्हें मुंबई में एक इवेंट के दौरान स्पॉट किया गया। पैपराजी के कैमरों के सामने राजपाल यादव काफी खुश और मस्ती के मूड में दिखाई दिए। अपनी वैनिटी वैन से बाहर निकलते ही उन्होंने उछल-कूद की और अपनी लोकप्रिय फिल्म Bhool Bhulaiyaa के मशहूर किरदार ‘छोटा पंडित’ वाला सीन दोबारा करके दिखाया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

 

अगर इस मामले की बात करें तो राजपाल यादव ने साल 2010 में अपनी निर्देशन वाली फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। समय पर रकम न चुका पाने की वजह से मामला अदालत तक पहुंच गया। ब्याज और जुर्माने के साथ यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई। फरवरी के पहले हफ्ते में अदालत के आदेश के बाद उन्होंने खुद सरेंडर किया था। करीब 10 दिन बाद उन्हें जमानत मिल गई।

काम की बात करें तो राजपाल यादव के पास कई फिल्म और वेब सीरीज के प्रोजेक्ट हैं। चर्चा है कि इंडस्ट्री के कुछ बड़े सितारों ने भी उन्हें काम ऑफर कर सहयोग किया है। वह जल्द ही Akshay Kumar के साथ फिल्म Bhoot Bangla में नजर आएंगे। इसके अलावा वह ‘वेलकम टू द जंगल’ में भी दिखाई दे सकते हैं। मुश्किल दौर से बाहर आने के बाद राजपाल यादव का यह जोश भरा अंदाज उनके फैंस के लिए राहत भरी खबर है।

Exit mobile version