Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

साई पल्लवी और जुनैद खान की रोमांटिक फिल्म ‘एक दिन’ का फर्स्ट पोस्टर रिलीज

February 14, 2026

साई पल्लवी और जुनैद खान की रोमांटिक फिल्म ‘एक दिन’ का फर्स्ट पोस्टर रिलीज

साउथ की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी और जुनैद खान की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘एक दिन’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। वेलेंटाइन डे के खास मौके पर मेकर्स ने फैंस को यह सरप्राइज दिया। पोस्टर में दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री बेहद फ्रेश और दिल छू लेने वाली नजर आ रही है।

आमिर खान प्रोडक्शन ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में साई और जुनैद सुपरमार्केट में एक-दूसरे के आमने-सामने बैठे हैं। साई पल्लवी के हाथ में एक मफिन है, जिसके ऊपर एक छोटी सी मोमबत्ती जल रही है।

मेकर्स ने लिखा, “बस एक दिन चाहिए। फिल्म ‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

सुनील पांडे द्वारा निर्देशित फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। आमिर के प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म को आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।

यह फिल्म आमिर और मंसूर खान की रीयूनियन भी मानी जा रही है। इससे पहले दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों ने ‘कयामत से कयामत तक’ (1988), ‘जो जीता वही सिकंदर’ (1992), और ‘अकेले हम अकेले तुम’ (1995) जैसी फिल्में दी हैं। अब 17 साल के बाद, दोनों फिल्म एक दिन में साथ काम कर रहे हैं।

इसकी कहानी प्यार, सपनों और जज्बातों से भरी हुई दिखाई गई है। हालांकि, फिल्म का टीजर पहले ही जारी किया जा चुका है। 1 मई 2026 को रिलीज होने वाली यह फिल्म समर में एक ताजगी भरी रोमांटिक एंट्री साबित हो सकती है। वहीं, दर्शक भी साई को बॉलीवुड में देखने के लिए बेताब हैं।

साई की बात करें तो वे साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और अपनी नेचुरल एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। वहीं, जुनैद अभी अभिनय की दुनिया में आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले वे दो फिल्मों में नजर आ चुके हैं। डेब्यू फिल्म महाराज में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें