Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Saif Ali Khan ने पुलिस के सामने दर्ज कराया बयान, बताया 16 जनवरी को क्या हुआ था

January 25, 2025

Saif Ali Khan ने पुलिस के सामने दर्ज कराया बयान, बताया 16 जनवरी को क्या हुआ था

मुंबई: अभिनेता सैफ अली खान ने 16 जनवरी को अपने घर पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया। सैफ अली खान ने गुरुवार को बांद्रा पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।

सूत्रों के अनुसार खान ने घटना को लेकर बताया कि वह और उनकी पत्नी करीना कपूर खान सद्गुरु शरण बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर अपने बेडरूम में थे और उन्होंने अपने छोटे बेटे जहांगीर (जेह) और नैनी एलियामा फिलिप (घरेलू सहायिका) की चीख सुनी।

बेटे की चीख सुनकर वह जागे और करीना के साथ उसके कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने हमलावर को देखा। खान ने पुलिस को बताया कि नैनी डरी हुई थी और चिल्ला रही थी, जबकि जेह रो रहा था। नैनी ने बताया कि हमलावर ने एक करोड़ रुपये की मांग की थी।

पुलिस ने बताया कि अभिनेता ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने खान की पीठ, गर्दन और हाथों पर चाकू से कई वार किए। हमले में घायल अभिनेता ने हमलावर को कमरे के अंदर धक्का दे दिया, जबकि नैनी जेह के साथ भाग गई और उसे कमरे में बंद कर दिया।

खान ने बताया कि घर में अचानक आए इस अजनबी आदमी को देखकर सभी डर गए थे और उन्होंने उसे काबू में करने की कोशिश भी की।

वारदात के वक्त घर में सैफ अली खान, करीना कपूर और उनके दोनों बेटे जेह और तैमूर घर में थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद शहजाद बांग्लादेश का नागरिक है और पिछले साल अवैध रूप से भारत में घुसा था। आरोपी को पुलिस ने ठाणे से 19 जनवरी को गिरफ्तार किया था, जिसमें मुंबई पुलिस की कम से कम 20 टीमें शामिल थीं।

मामले में पुलिस ने जानकारी दी थी कि अभिनेता के फ्लैट में घुसने वाला व्यक्ति (शहजाद) चोरी करने के इरादे से घुसा था। सैफ के बांद्रा स्थित फ्लैट से मिले फिंगरप्रिंट शहजाद के फिंगरप्रिंट से मेल खाते हैं।

फिंगरप्रिंट डक्ट पाइप पर पाए गए, जिसका इस्तेमाल आरोपी ने इमारत की मंजिल पर चढ़ने के लिए किया था। इसके साथ ही जेह के कमरे के दरवाजे के हैंडल पर भी फिंगरप्रिंट पाए गए।

आरोपी शहजाद के पिता मोहम्मद रूहुल अमीन फकीर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि सैफ अली खान के घर से सीसीटीवी फुटेज में कैद व्यक्ति उनके बेटे जैसा नहीं दिख रहा है।

फकीर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में लंबे बालों वाले संदिग्ध की तस्वीरें उनके बेटे के सामान्य रूप से मेल नहीं खाती हैं। फकीर ने कहा, सीसीटीवी में जो दिखाया गया है, मेरा बेटा कभी अपने बाल लंबे नहीं रखता। मुझे लगता है कि मेरे बेटे को फंसाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें