एंटरटेनमेंट डेस्क: टीवी और पंजाबी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री और प्रोड्यूसर Sargun Mehta की शादी को करीब 12 साल हो चुके हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि वह मां बनने वाली हैं। इन खबरों ने उनके और Ravi Dubey के फैंस को हैरान कर दिया था। अब इन अफवाहों पर खुद सरगुन ने खुलकर जवाब दिया है।
सरगुन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर प्रेग्नेंसी की खबरों को गलत बताया। उन्होंने लिखा कि मीडिया को उनकी प्रेग्नेंसी की खबर उनसे पहले ही मिल गई, वह भी पिछले दो साल से। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वह दो साल से प्रेग्नेंट हैं तो यह बहुत लंबी प्रेग्नेंसी है। साथ ही उन्होंने अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी निराधार खबरें न फैलाएं और कोई भी खबर छापने से पहले उनसे या उनकी टीम से पुष्टि जरूर कर लें।
सरगुन ने पोस्ट के साथ एक मजेदार कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि ऐसी प्रेग्नेंसी के बारे में उन्हें और रवि को खुद ही नहीं पता, तो दूसरों को कैसे पता चल गया। उनके इस कैप्शन पर रवि दुबे भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और कमेंट में हंसने वाली इमोजी शेयर की।
बता दें रवि दुबे और सरगुन मेहता की पहली मुलाकात टीवी शो 12/24 Karol Bagh के सेट पर हुई थी। यहीं से दोनों की दोस्ती प्यार में बदली। इसके बाद दोनों ने 7 दिसंबर 2013 को शादी कर ली। शादी के बाद से यह जोड़ी फैंस की पसंदीदा रही है। हालांकि, शादी के बाद से ही समय-समय पर सरगुन की प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें सामने आती रही हैं, जिन पर अब एक बार फिर उन्होंने साफ जवाब दे दिया है।

