Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

25 साल पुरानी कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

February 22, 2026

25 साल पुरानी कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। शहर के व्यस्त बुद्ध बाजार स्थित न्यू क्लॉक मार्केट में 21 फरवरी को रात करीब 10:30 बजे अचानक आग लग गई। आग शिव शक्ति क्लॉथ हाउस नाम की दुकान में लगी, जो इलाके की जानी-मानी होलसेल कपड़े की दुकान बताई जाती है। यह दुकान करीब 25 साल पुरानी थी और इसके मालिक हरीश उर्फ सुमित उतरेजा हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार बंद हो चुका था। तभी दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और दुकान के अंदर रखा रेडीमेड कपड़ों और कपड़े के थानों का बड़ा स्टॉक जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

आसपास के व्यापारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गनीमत रही कि घटना के समय बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दुकान के अंदर रखा लगभग पूरा माल जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस आग में करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि यह दुकान इलाके की बड़ी होलसेल दुकानों में से एक थी, इसलिए नुकसान भी काफी बड़ा है।

आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में फायर सेफ्टी के इंतजाम मजबूत किए जाएं और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें