मुंबई :नेटफ्लिक्स पर शुक्रवार को रिलीज हुई ‘स्कूप’ बेहतरीन ढंग से लिखी और कसी हुई सीरीज है, जो खबरनविसों के खुद खबर बनने, किसी बड़े स्कूप की तलाश में नैतिक मूल्यों की अनदेखी, पुलिस विभाग की कार्यशैली और पारिवारिक मूल्यों की ताकत पर सशक्त टिप्पणी करते हुए चलती है।
क्या है स्कूप की कहानी?
जागृति पाठक (करिश्मा तन्ना) सिंगल मदर और तलाकशुदा है। मुंबई के एक छोटे-से अपार्टमेंट में अपनी मां, मामा और नाना-नानी के साथ रहती है। 10 साल का बेटा मुबंई के नजदीक पंचगनी में एक बोर्डिंग स्कूल में पढ़ता है। अंग्रेजी अखबार ईस्टर्न एज में डिप्टी ब्यूरो चीफ और सीनियर क्राइम रिपोर्टर जागृति की अंडरवर्ल्ड की स्टोरीज पर जबरदस्त पकड़ है। पुलिस विभाग और अंडरवर्ल्ड, दोनों जगह उसके सूत्रों का तगड़ा नेटवर्क है। जागृति, एक्सक्लूसिव और फ्रेंज पेज स्टोरीज की तलाश में रहती है। अपने सूत्रों को प्रोटेक्ट और सपोर्ट करने के लिए मशहूर है। मुंबई क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर हर्षवर्धन श्रॉफ (हरमन बावेजा) से उसके संबंध अच्छे हैं।
जागृति की जिंदगी में उस वक्त भूचाल आता है, जब दूसरे अंग्रेजी अखबार न्यूज डे के क्राइम एंड इनवेस्टिगेटिव एडिटर जयदेब सेन (प्रोसेनजित चटर्जी) की दिन-दहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी जाती है। उस वक्त जागृति अपने परिवार के साथ कश्मीर में छुट्टियां मना रही होती है। इस हाइप्रोफाइल केस की तफ्तीश के दौरान शक के दायरे में दूसरे पत्रकार भी आते हैं। सबसे पूछताछ होती है। सेन के कत्ल की जिम्मेदारी अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन लेता है। वारदात से कुछ वक्त पहले डॉन का इंटरव्यू करने की वजह से जागृति पर इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगता है, जिसके मुताबिक जागृति ने इंटरव्यू के बदले डॉन को सेन के घर का पता और बाइक का नम्बर लीक किया था, जो उसके जरिए शूटरों तक पहुंचा।

जागृति की जिंदगी में उस वक्त भूचाल आता है, जब दूसरे अंग्रेजी अखबार न्यूज डे के क्राइम एंड इनवेस्टिगेटिव एडिटर जयदेब सेन (प्रोसेनजित चटर्जी) की दिन-दहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी जाती है। उस वक्त जागृति अपने परिवार के साथ कश्मीर में छुट्टियां मना रही होती है। इस हाइप्रोफाइल केस की तफ्तीश के दौरान शक के दायरे में दूसरे पत्रकार भी आते हैं। सबसे पूछताछ होती है। सेन के कत्ल की जिम्मेदारी अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन लेता है। वारदात से कुछ वक्त पहले डॉन का इंटरव्यू करने की वजह से जागृति पर इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगता है, जिसके मुताबिक जागृति ने इंटरव्यू के बदले डॉन को सेन के घर का पता और बाइक का नम्बर लीक किया था, जो उसके जरिए शूटरों तक पहुंचा।
कैसा है स्कूप का स्क्रीनप्ले और संवाद?
स्कूप, मुंबई की क्राइम जर्नलिस्ट जिगना वोरा की किताब बिहाइंड बार्स इन बाइकुला- माइ डेज इन प्रिजन (Behind Bars In Byculla- My Days In Prison) पर आधारित है। 2011 में जिगना को दिग्गज क्राइम जर्नलिस्ट ज्योतिर्मय डे के मर्डर की साजिश के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर MCOCA लगाया गया था और जमानत मिलने तक 9 महीने जेल में रहना पड़ा था। जिगना की किताब पर मृणामयी लागू वाइकुल और मीरत त्रिवेदी द्वारा लिखी गयी कहानी को अनु सिंह चौधरी ने बेहद कसे हुए स्क्रीनप्ले में ढाला है।
सीरीज में कुछ छह एपिसोड्स हैं और हर एपिसोड की अवधि लगभग एक घंटा है, इसके बावजूद सीरीज पकड़कर रखती है। खासकर, तीसरे एपिसोड के बाद ‘स्कूप’ रोमांच के स्तर पर नीचे नहीं आती। इसकी वजह है कि एक भी दृश्य ठूसा हुआ नहीं लगता। जेल के अंदर की जिंदगी फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए सैकड़ों दफा देखी है, फिर भी स्कूप के ये दृश्य गति शिथिल नहीं होने देते। चौथे एपिसोड से सीरीज रोमांचक कोर्टरूम ड्रामा में तब्दील हो जाती है। इन दृश्यों को असरदार बनाने में करन व्यास के संवादों की भूमिका भी उल्लेखनीय है। संवाद सरल, सीधे और किरदारों के चित्रण के अनुरूप हैं।
स्कूप उन वेब सीरीज में शामिल है, जो जरूरी मुद्दों पर टिप्पणी तो करती हैं, मगर थ्रिल कम नहीं होने देतीं। हर पेशे के कुछ सफेद और स्याह पक्ष होते हैं, लेकिन महत्वाकांक्षाओं के पीछे दौड़ते हुए इनके बीच की लकीर कब धुंधली पड़ती जाती है, इसका एहसास अक्सर नहीं होता। जेल में जागृति के संवाद के जरिए स्कूप इस मुद्दे पर भी विचार करने के लिए मजबूर करती है। साथ ही इस बात पर भी जोर देती है कि सच तक पहुंचना सबसे जरूरी होता है, मगर मायने यह भी रखता है कि वहां तक पहुंचने के लिए क्या रास्ता अपनाया गया है। पत्रकारिता के पेशे की व्यावसायिक मजबूरियों और नैतिकता के बीच कशमकश को संवादों के जरिए उठाया गया है,
महिलाओं की तरक्की को अक्सर उनके स्त्रीत्व से जोड़कर देखने की मानसिकता को भी सीरीज में जागृति के एक सहयोगी के जरिए एड्रेस किया गया है। स्कूप एक ऐसे विषय को डील करती है, जो बेहद संवेदनशील है। मगर, सीरीज इस केस से जुड़े तमाम सवालों के जवाब देने की कोशिश करती है। हालांकि, इनकी ऑथेंटिसिटी का दावा नहीं करती, जैसा कि शुरुआती डिस्क्लेमर में कहा भी गया है। इमरान और सहानुभूति रखने वाले अन्य पत्रकारों की खोज के जरिए जयदेब सेन की हत्या के पीछे सम्भावित कारण की तलाश की गयी है, जिसमें अंडरवर्ल्ड-मुंबई पुलिस गठजोड़ और आइबी की भूमिका पर सवाल उठते हैं।
कलाकार- करिश्मा तन्ना, हरमन बावेजा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, प्रोसेनजित चटर्जी, देवेन भोजानी आदि।
निर्देशक- हंसल मेहता
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स
अवधि- एक घंटा प्रति एपिसोड
रेटिंग- साढ़े तीन