Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sharat Saxena: स्पाइन सर्जरी के बाद शरत सक्सेना का मजाकिया अंदाज, बोले- ‘आज पार्टी, कल जिम’

September 11, 2026

Sharat Saxena: स्पाइन सर्जरी के बाद शरत सक्सेना का मजाकिया अंदाज, बोले- ‘आज पार्टी, कल जिम’

Sharat Saxena: वरिष्ठ अभिनेता शरत सक्सेना ने 76 साल की उम्र में स्पाइन सर्जरी करवाई है। उनकी यह सर्जरी करीब छह घंटे तक चली। ऑपरेशन के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अस्पताल में बिताए समय से लेकर घर लौटने तक की कई तस्वीरें साझा कीं। बड़ी सर्जरी के बावजूद शरत का उत्साह और सकारात्मक अंदाज तस्वीरों में साफ नजर आया।

सर्जरी के बाद अपना हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए शरत सक्सेना ने लिखा, “6 घंटे की स्पाइन सर्जरी हो गई। एक अच्छे इंसान को कोई रोक नहीं सकता।” तस्वीरों में वह ऑपरेशन के बाद अस्पताल के बेड पर मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के साथ भी कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनका आत्मविश्वास नजर आया।

ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/ravi-kishans-viral-persona-takes-the-spotlight/

शरत ने घर वापसी के दौरान की तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें वह दोस्तों के साथ कार में बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने एक छोटी सी सेलिब्रेशन की तस्वीर शेयर की, जिस पर लिखा था, “आज पार्टी, कल जिम।” अस्पताल की एक तस्वीर में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अब और सूप नहीं!!!” वहीं दूसरी तस्वीर में उन्होंने बताया कि अब उन्हें वॉकिंग स्टिक की जरूरत नहीं है।

अभिनेता का यह अपडेट उनकी लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले साझा की गई तस्वीरों के बाद आया है। उस समय शरत ने बॉम्बे हॉस्पिटल में खड़े होकर अपराइट एमआरआई करवाते हुए तस्वीरें शेयर की थीं। उन्होंने बताया था कि यह जांच लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले करवाई जा रही है। तस्वीरों में उन्हें अपराइट एमआरआई मशीन के साथ देखा गया था।

76 साल की उम्र में भी शरत सक्सेना अपनी फिटनेस को लेकर काफी सक्रिय रहते हैं। 17 अगस्त 1950 को जन्मे अभिनेता लंबे समय से अपने फिटनेस रूटीन के लिए पहचाने जाते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह रोजाना करीब दो घंटे ट्रेनिंग करते हैं। शरत के मुताबिक, जवानी में जहां 20 मिनट की एक्सरसाइज के बाद थकान महसूस होती थी, वहीं अब वह दो घंटे ट्रेनिंग करने के बाद भी खुद को अच्छा महसूस करते हैं।

शरत सक्सेना का फिल्मी करियर पांच दशक से भी ज्यादा लंबा है और वह हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं की 250 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। ‘मिस्टर इंडिया’, ‘त्रिदेव’, ‘घायल’, ‘खिलाड़ी’, ‘गुलाम’, ‘गुप्त: द हिडन ट्रुथ’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘बागबान’, ‘फना’, ‘कृष’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं काफी चर्चित रही हैं। हाल ही में वह अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ में भी नजर आए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें