Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे सोनू निगम, वीडियो शेयर कर बोले- बहुत दर्द में हूं

June 17, 2026

गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे सोनू निगम, वीडियो शेयर कर बोले- बहुत दर्द में हूं

एंटरटेनमेंट डेस्क: अपनी मधुर आवाज और सुपरहिट गीतों के लिए मशहूर गायक सोनू निगम इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना कर रहे हैं। हालांकि बीमारी और लगातार इलाज के बावजूद उन्होंने अपने प्रशंसकों से किया वादा निभाने का फैसला किया है। सिंगर ने साफ किया है कि वह मुंबई में होने वाले अपने लाइव कॉन्सर्ट को रद्द नहीं करेंगे और मंच पर प्रस्तुति देने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।

सोनू निगम ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें नसों से जुड़ी एक गंभीर समस्या परेशान कर रही है, जिसके कारण उन्हें लगातार दर्द का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर उनकी बीमारी की सही वजह जानने के लिए कई तरह की मेडिकल जांच कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान उन्होंने एमआरआई, सीटी स्कैन सहित कई टेस्ट करवाए हैं और इलाज के लिए दवाइयां भी ले रहे हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sonu Nigam (@sonunigamofficial)

 

नसों पर दबाव बनने से बढ़ी परेशानी

वीडियो में सोनू निगम ने बताया कि उनकी नसों पर दबाव पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी तकलीफ हो रही है। इस वजह से उन्हें नियमित रूप से डॉक्टरों की निगरानी और मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ रही है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और बीमारी के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि सही इलाज किया जा सके।

सोनू निगम ने आगे बताया कि इलाज के हिस्से के रूप में उन्हें फिजियोथेरेपी भी करानी पड़ रही है। यह प्रक्रिया काफी कठिन और दर्दनाक साबित हो रही है। दर्द को नियंत्रित करने के लिए उन्हें पेनकिलर दवाओं का सहारा लेना पड़ रहा है। लगातार दवा लेने की वजह से उनकी आवाज पर भी थोड़ा असर पड़ा है और गला पहले की तुलना में भारी महसूस हो रहा है।

फैंस से किया वादा निभाएंगे

स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद सोनू निगम ने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि वह अपने कार्यक्रम को रद्द करने की योजना नहीं बना रहे हैं। लंबे समय बाद लाइव परफॉर्म करने का अवसर मिला है और वह अपने चाहने वालों से किया गया वादा पूरा करना चाहते हैं। मंच पर लौटने को लेकर वह उत्साहित हैं और पूरी कोशिश करेंगे कि दर्शकों को निराश न होना पड़े।

बता दें 52 वर्षीय गायक की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानने के बाद उनके प्रशंसक चिंता में आ गए। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। एक प्रशंसक ने लिखा कि सोनू निगम की आवाज लाखों लोगों को सुकून देती है और वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। वहीं कई अन्य लोगों ने भी उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफल उपचार के लिए शुभकामनाएं दीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें