Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, इंडस्ट्री से एकजुट होने की अपील

February 10, 2026

राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, इंडस्ट्री से एकजुट होने की अपील

दशकों से हिंदी सिनेमा में लोगों को हंसाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 5 करोड़ रुपये का लोन चुकाने में असमर्थ रहने के चलते वह तिहाड़ जेल में हैं। 6 फरवरी को कोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने आत्मसमर्पण किया था।

इस बीच अभिनेता सोनू सूद उनके समर्थन में आगे आए हैं। समाज सेवा के लिए पहचाने जाने वाले सोनू सूद ने न सिर्फ राजपाल यादव की मदद करने का फैसला लिया है, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से भी एकजुट होने की अपील की है। उन्हें इस बात का गहरा दुख है कि इतने सालों तक दर्शकों को हंसाने वाला कलाकार आज पैसों की तंगी के कारण जेल में है।

राजपाल यादव का समर्थन करते हुए सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने सालों तक हमारे उद्योग को यादगार योगदान दिया है। कई बार जिंदगी प्रतिभा की वजह से नहीं, बल्कि वक्त की बेरहमी के कारण अन्यायपूर्ण हो जाती है।”

उन्होंने आगे कहा, “वह मेरी आने वाली फिल्म का हिस्सा होंगे। मेरा मानना है कि यह समय है जब निर्माता, निर्देशक और साथी कलाकार एकजुट हों। भविष्य के काम के बदले दी जाने वाली एक छोटी सी साइनिंग अमाउंट दान नहीं, बल्कि सम्मान है। जब इंडस्ट्री का कोई अपना मुश्किल में होता है, तो उसे यह एहसास दिलाना जरूरी है कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम साबित कर सकते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।”

सोनू सूद के इस कदम की सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना हो रही है। यूजर्स उनके पोस्ट को सपोर्ट कर रहे हैं और राजपाल यादव के लिए सहानुभूति जता रहे हैं। राजपाल यादव ने ‘सी कंपनी’, ‘भूल भुलैया’, ‘अपना सपना मनी मनी’, ‘चुप चुप के’ समेत 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्होंने सिर्फ कॉमेडी ही नहीं, बल्कि गंभीर भूमिकाओं में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।

फिलहाल राजपाल यादव तिहाड़ जेल में हैं। जेल में सरेंडर करने से पहले उनका एक भावुक बयान भी सामने आया था, जो काफी वायरल हुआ। उन्होंने कहा था, “क्या करें, पैसों की बहुत तंगी है। पैसा नहीं है और कोई रास्ता भी समझ में नहीं आ रहा। यहां कोई ऐसा दोस्त भी नहीं है जो मदद कर सके।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें