Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता का पोस्टमार्टम को लेकर बड़ा दावा, कहा- पैर टूटा था, आंखों पर थी चोट

September 28, 2026

सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता का पोस्टमार्टम को लेकर बड़ा दावा, कहा- पैर टूटा था, आंखों पर थी चोट

Sushant Singh Rajput case: दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई के पोस्टमार्टम को लेकर एक बड़ा दावा किया है। श्वेता के मुताबिक, हाल ही में उनकी बात उस व्यक्ति से हुई जिसने सुशांत का पोस्टमार्टम किया था। उन्होंने दावा किया कि घटना में बंदूक का इस्तेमाल हुआ था, सुशांत के साथ काफी बर्बरता और बल प्रयोग किया गया था, यहां तक कि उनका पैर भी टूटा हुआ था।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज में श्वेता ने कहा, “हमें हाल ही में पता चला कि जिस व्यक्ति ने भाई का पोस्टमॉर्टम किया था, उसने बताया कि बंदूक का इस्तेमाल हुआ था, उनका पैर टूटा हुआ था और उन पर बहुत ज्यादा जोर का इस्तेमाल हुआ था। उनकी आंखों पर भी चोट लगी थी।”

भाई के साथ जो हुआ, वह गलत था: श्वेता सिंह
अटलांटा से लौटने के बाद उनसे मिलने वाले लोगों की भावनात्मक प्रतिक्रिया के बारे में बात करते हुए श्वेता ने कहा, “आप में से सैकड़ों लोग आए, मुझे गले लगाया और रोए – भाई के लिए रोए। आप सभी को लगा कि भाई के साथ जो हुआ, वह गलत था।”

उन्होंने माना कि जब किसी प्रियजन के साथ कुछ बुरा होता है तो कैसा लगता है। उन्होंने कहा, “मैं जानती हूं कि जब किसी अपने के साथ ऐसी कोई घटना होने के बारे में सोचा जाए तो कैसा महसूस होता है। जब यह आपके साथ होता है, तो आप शायद माफ कर सकते हैं।”

माफ करने के लिए हिम्मत की जरूरत
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन अगर यह आपके किसी ऐसे व्यक्ति के साथ हो जिसे आप प्यार करते हैं, तो माफ करने के लिए बहुत ज्यादा हिम्मत जुटानी पड़ती है। लेकिन देखिए, मैं नफरत, बदले की भावना या नाराजगी में नहीं डूबना चाहती। मुझे लगता है कि मेरी जिंदगी का मकसद प्यार, विश्वास, अच्छाई और ईश्वर के लिए खड़ा होना है।”

उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि वे ईश्वर या अच्छाई से भरोसा न खोएं। उन्होंने कहा, “और मैं नहीं चाहती कि आप लोग ईश्वर या अच्छाई से भरोसा खोएं। दुनिया में नाइंसाफी है। ठीक है, मैं यह मानती हूँ। और हो सकता है कि अच्छे लोगों को बहुत दर्द से गुजरना पड़े। लेकिन दर्द ही बदलाव का जरिया है।”

नकारात्मकता से रहें दूर
श्वेता ने अपना मैसेज इन शब्दों के साथ खत्म किया, “इसलिए अपने दिल को नकारात्मकता से न भरने दें। और प्यार से ही हीलिंग होती है। मैं प्यार के साथ खड़ी हूं। और मुझे उम्मीद है कि आप भी प्यार, ईश्वर और अच्छाई के लिए मेरे साथ खड़े होंगे।”

सुशांत का निधन 14 जून, 2020 को मुंबई स्थित उनके घर पर कथित तौर पर आत्महत्या के कारण हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें