Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

“Tanvi the Great”: उम्मीद, जुनून और आत्मबल की अनसुनी गूंज, 18 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

June 30, 2025

“Tanvi the Great”: उम्मीद, जुनून और आत्मबल की अनसुनी गूंज, 18 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

Tanvi the Great: 2025 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक “तन्वी द ग्रेट” का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ है और इसने न केवल दर्शकों का ध्यान खींचा है, बल्कि दिलों को भी छू लिया है। यह फिल्म एक असाधारण लड़की की कहानी कहती है, जो भले ही अलग है, लेकिन उसकी सोच, सपने और आत्मबल किसी से कम नहीं हैं।

-एक विशेष यात्रा की शुरुआत

फिल्म में ‘तन्वी’ एक ऑटिस्टिक बच्ची है, जिसकी दुनिया आम लोगों से अलग है, लेकिन उसके इरादे चट्टान जैसे मजबूत हैं। भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाली तन्वी की कहानी सिर्फ प्रेरणा नहीं, बल्कि बदलाव का प्रतीक बनकर सामने आती है। ट्रेलर भावनाओं, आत्मविश्वास और संघर्षों की एक ऐसी झलक पेश करता है, जिसे देख दर्शक आंखें नम किए बिना नहीं रह पाएंगे।

-अनुपम खेर की निर्देशन में भावनाओं का महासंगम

दिग्गज अभिनेता और अब निर्देशक अनुपम खेर इस फिल्म के माध्यम से न केवल एक नई प्रतिभा को लॉन्च कर रहे हैं, बल्कि उन लाखों लोगों की आवाज़ भी बन रहे हैं जो अक्सर समाज में उपेक्षित रह जाते हैं। अनुपम खेर का कहना है, “यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक संवेदनशील आंदोलन है। तन्वी की कहानी हर उस इंसान को समर्पित है जो सामान्य से अलग है, लेकिन असाधारण है।”

-प्रतिष्ठित चेहरों की दमदार मौजूदगी

फिल्म में शुभांगी तन्वी के रूप में अपनी पहली प्रस्तुति दे रही हैं, जिनके साथ नजर आएंगे जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी, बोमन ईरानी, पल्लवी जोशी, करण टैकर, नासिर, अनुपम खेर और Game of Thrones फेम इयान ग्लेन जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित कलाकार।

-संगीत जो रूह को छू जाए

इस भावनात्मक यात्रा को संगीत के माध्यम से जीवंत किया है ऑस्कर विजेता एम. एम. कीरवानी ने, जिनकी रचनाएं पहले ही दुनियाभर में सराही जा चुकी हैं। ट्रेलर में इस्तेमाल हुआ बैकग्राउंड स्कोर फिल्म की आत्मा को संगीतमय रूप देता है। कान फिल्म फेस्टिवल से लेकर न्यूयॉर्क और लंदन के प्रतिष्ठित मंचों तक, “तन्वी द ग्रेट” पहले ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। भारत में इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार हो रहा है।

-बड़ी रिलीज़, बड़ी उम्मीदें

NFDC और अनुपम खेर स्टूडियो द्वारा निर्मित इस फिल्म का वैश्विक वितरण एक्सेल एंटरटेनमेंट (रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर) और एए फिल्म्स (अनिल थडानी) कर रहे हैं। “तन्वी द ग्रेट” न सिर्फ एक फिल्म है, बल्कि उन लोगों के लिए उम्मीद की लौ है, जिनकी आवाज़ अक्सर अनसुनी रह जाती है। यह एक ऐसी कहानी है, जो हर दर्शक को भीतर से झकझोर देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें