एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय सिनेमा की कल्पनाशीलता और तकनीकी उत्कृष्टता का संगम लेकर आ रही है फिल्म ‘मिराई’, जिसमें पौराणिकता, भविष्य और एक्शन का ऐसा मेल देखने को मिलेगा जो दर्शकों को एक नई सिनेमाई दुनिया से रूबरू कराएगा। पीपल मीडिया फैक्ट्री के बैनर तले बन रही इस फिल्म का टीज़र 28 मई को रिलीज़ होने जा रहा है, और हाल ही में जारी हुआ इसका जबरदस्त पोस्टर दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म में ‘हनुमान’ फेम तेजा सज्जा एक बिल्कुल नए और उग्र अवतार में नजर आएंगे, जो इस बार सिर्फ नायक नहीं, बल्कि मानवता के रक्षक की भूमिका में होंगे। निर्देशक कार्तिक गट्टमनेनी की कल्पनाशक्ति और निर्माता टीजी विश्व प्रसाद व कृति प्रसाद के भव्य विजन के साथ ‘मिराई’ भारतीय सिनेमा में एक नया अध्याय लिखने को तैयार है।
-कहानी में पौराणिकता और विज्ञान का संगम
‘मिराई’ की कहानी सिर्फ अतीत की यादों को नहीं उकेरती, बल्कि एक फ्यूचरिस्टिक महागाथा है, जिसमें एक योद्धा को नौ पवित्र शास्त्रों की रक्षा करनी है – ये वही शास्त्र हैं जो मानवता के भविष्य को सुरक्षित रख सकते हैं। तेजा सज्जा का किरदार जहां शक्ति, साहस और जिम्मेदारी का प्रतीक है, वहीं फिल्म में नजर आने वाले मंजू मांचू अपने रहस्यमयी ब्लैक स्वॉर्ड के साथ एक रहस्यमय और चुनौतीपूर्ण विरोधी के रूप में सामने आते हैं। इन दोनों के बीच का टकराव फिल्म की थ्रिलिंग रफ्तार को और भी तेज कर देगा।
-टेक्नोलॉजी, संगीत और सिनेमाई कल्पना का संगम
‘मिराई’ के पोस्टर ने ही यह साफ कर दिया है कि फिल्म की विजुअल ट्रीटमेंट किसी हॉलीवुड फिल्म से कम नहीं होगी। इस फिल्म की सजीवता को और अधिक गहराई देती है संगीतकार गौरा हरि की धड़कन बढ़ा देने वाली म्यूज़िक थीम, जो दर्शकों को इस रोमांचक संसार में पूरी तरह डुबो देगी।
‘मिराई’ न सिर्फ एक फिल्म है, बल्कि यह एक सिनेमाई क्रांति है जो भारतीय पौराणिकता को आधुनिक और भविष्यमूलक नजरिए से पेश करती है। तेजा सज्जा, मंजू मांचू और नवोदित अभिनेत्री ऋतिका नायक की जोड़ी दर्शकों को एक अनदेखा अनुभव देने वाली है। अब सबकी नजरें 28 मई पर टिकी हैं, जब इसका टीज़र रिलीज़ होगा और दर्शक पहली बार ‘मिराई’ की रहस्यमयी और रोमांचक दुनिया में कदम रखेंगे।
ये भी पढ़ें- कमजोर हुआ नक्सलवाद, 10 साल में 10 हजार से ज्यादा माओवादियों ने टेके घुटने

