
एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्ममेकर अभिनय देओ की आगामी फिल्म ‘दूसरा’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फिल्म का पोस्टर और ट्रेलर जारी करने के साथ ही इसकी रिलीज़ डेट की घोषणा की।
भारत की 2002 की ऐतिहासिक नेटवेस्ट फाइनल जीत की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘दूसरा’ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी शर्ट लहराने के उस प्रतिष्ठित पल को एक नए नज़रिए से पेश करती है। फिल्म इस ऐतिहासिक घटना को एक युवा लड़की की निजी जिंदगी की कहानी से जोड़ती है।
तारा एक रूढ़िवादी परिवार में रहने वाली ऐसी लड़की है, जो खुद को अपने आसपास की दुनिया से अलग महसूस करती है। खुद को और दुनिया को समझने की कोशिश में जुटी तारा जब टेलीविजन पर भारतीय कप्तान को बेखौफ अंदाज़ में विद्रोह करते हुए देखती है, तो उसे भी अपने जीवन में सच के लिए आवाज़ उठाने का साहस मिलता है, फिर चाहे इसके परिणाम कुछ भी हों।
अनिल कपूर ने कहा, “मुझे फिल्म का ट्रेलर बहुत पसंद आया।अभिनय ने जिस खूबसूरती से वास्तविक घटनाओं और काल्पनिक कहानी को एक साथ पिरोया है, वह शानदार है। मुझे आज भी नेटवेस्ट सीरीज़ के उस ऐतिहासिक फाइनल की खुशी और उत्साह याद है।
वह जीत वाकई अभूतपूर्व थी। उसने एक पूरी पीढ़ी को यह विश्वास दिलाया कि भारत कहीं भी और किसी के भी खिलाफ जीत सकता है। मैं इस फिल्म को देखने के लिए बेहद उत्साहित हूं।”
रोहित शर्मा ने कहा, “जब भारत ने 2002 का नेटवेस्ट फाइनल जीता था, तब मैं 15 साल का था… क्या शानदार पल था! सिर्फ टीम की वापसी ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी कमाल का था। फिल्म ‘दूसरा’ खूबसूरती से दिखाती है कि वह पल सिर्फ एक क्रिकेट मैच जीतने तक सीमित क्यों नहीं था। मैंने अभी फिल्म का ट्रेलर देखा है और अब इसे देखने का बेसब्री से इंतज़ार है!”
निर्देशक अभिनय देओ ने कहा, “‘दूसरा’ मूल रूप से एक ऐसी प्रेरणादायक कहानी है, जिसमें एक देश अपनी आवाज़ खोजता है और एक युवा लड़की अपनी आवाज़ बुलंद करना सीखती है। अपने मूल में यह भारत की आज़ादी की एक नई कहानी है 1947 की राजनीतिक आज़ादी नहीं, बल्कि भावनात्मक आज़ादी की कहानी।
उस दिन सौरव ने सिर्फ अपनी क्रिकेट की शर्ट नहीं उतारी थी, बल्कि उस औपनिवेशिक मानसिकता के बोझ को भी उतार फेंका था, जिसे भारत ने आज़ादी के बाद इतने वर्षों तक ढोया था। उसी दिन भारत के एक छोटे से शहर में रहने वाली एक युवा लड़की ने भी साबित किया कि हममें से हर किसी के भीतर एक स्वतंत्र और सार्थक जीवन जीने की चाह छिपी होती है।”
निर्माता माशा सजदेह ने कहा, “हम बेहद उत्साहित हैं कि आखिरकार ‘दूसरा’ दर्शकों के सामने बड़े पर्दे पर आने जा रही है। यह हम सभी की और हममें से हर एक की कहानी है। हमें उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें भावुक और प्रेरित भी करेगी तथा उन्हें लंबे समय से चली आ रही रूढ़ियों और मान्यताओं पर सवाल उठाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।”
‘दूसरा’ का निर्माण माशा सजदेह और रोहन सजदेह ने किया है, जबकि नीता शाह सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा एग्नेलो ओसविन डायस ने लिखी है। फिल्म का ओरिजिनल म्यूज़िक राम संपत ने तैयार किया है। फिल्म में प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा सीमा और कृष्णा गोकानी प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
‘दूसरा’ 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...